ऑपरेशन धरकरभर के तहत रानीवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जालोर/रानीवाड़ा। रानीवाड़ा पुलिस वृत्त की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन धरकरभर के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करड़ा थाना क्षेत्र के स्थायी वारंटी अभियुक्त गणपतलाल को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त एनडीपीएस एक्ट के गंभीर प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था।
जोधपुर रेंज के आईजी विकासकुमार के निर्देशन में चल रहे मिशन मदमर्दन के तहत यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी व ऐसे मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चल रहे विशेष अभियान के दौरान रानीवाड़ा वृत्त की टीमें लगातार संदिग्ध वाहनों और स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचोर आवड़दान रत्नु एवं वृत्ताधिकारी रानीवाड़ा भवानीसिंह ईंदा के निकटतम सुपरविजन में पुलिस थाना करड़ा के थानाधिकारी कमलेशकुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने विशिष्ट न्यायाधीश एनडीपीएस सांचोर के प्रकरण संख्या 11/2022 (163/2010), धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में वांछित गणपतलाल पुत्र रतनाराम विश्नोई (उम्र 31 वर्ष, निवासी राजीव नगर पुर, थाना सांचोर) को गांव पुर से दस्तयाब कर 20 जून को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम में शामिल रहे –
कमलेशकुमार (थानाधिकारी), वागाराम (सउनि), रमेशकुमार (कानि. 735), भरतकुमार (कानि. 977) – थाना करड़ा से, पदमसिंह (हैडकानि. 92), सुरेशकुमार (कानि. 1000) – थाना रानीवाड़ा।
पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत ऐसे और भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।



