जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने पिछले 48 घंटों में प्रदेश के कोने-कोने में नशे की जड़ों में डायनामाइट भरने का काम किया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन और महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के नेतृत्व में ANTF ने जालोर, पाली, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और अनूपगढ़ में ताबड़तोड़ 7 बड़ी कार्रवाइयां करते हुए नशे के साम्राज्य को हिला कर रख दिया है।
इस मेगा ऑपरेशन में पाली-राजसमंद सीमा पर तस्करों के साथ मुठभेड़ हुई, वहीं जालोर में ‘ऑपरेशन तनिकलील’ चलाकर 25 हजार के इनामी एमडी किंग को दबोचा गया। पुलिस ने कुल 506 किलो डोडा-चूरा, करीब 1.6 किलो अफीम, 300 ग्राम से अधिक हेरोइन, लग्जरी गाड़ियां और भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं।

1. पाली: मुठभेड़ के बाद 75 लाख का डोडा-चूरा और हथियार जब्त
ANTF की पाली टीम ने खिंवाड़ा थाना क्षेत्र के दिवेर नाल घाटी में फिल्मी स्टाइल में तस्करों का पीछा किया। नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। स्टॉप स्टिक से टायर फटने के बाद पुलिस ने स्कार्पियो (GJ 02 CP 3906) को घेरा।
- बरामदगी: 506 किलो डोडा-चूरा, 1 पिस्टल, मैगजीन, 16 जिंदा कारतूस और 10 फर्जी नंबर प्लेट्स।
- गिरफ्तार आरोपी: दिनेश उर्फ नैनाराम पुत्र सुजाराम, निवासी सरनाड़ा की ढाणी, कांकेलाव (डांगियावास, जोधपुर)। एक अन्य घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया गया।

2. जालोर: ‘ऑपरेशन तनिकलील’ में 25 हजार का इनामी ‘एमडी किंग’ गिरफ्तार
बाड़मेर के धोरीमन्ना में ANTF जालोर ने बड़ी सफलता हासिल की। आरोपी कमलेश, जो 2025 में पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में 2 साल से फरार था, उसे पेट्रोल पंप से गिरफ्तार किया गया। वह अपने साथियों की जेल से रिहाई की खुशी में पार्टी करने आया था।
- गिरफ्तार आरोपी: कमलेश पुत्र जगमालराम विश्नोई (22), निवासी फागलिया (बाखासर, बाड़मेर)।

3. बाड़मेर: मिट्टी में गड्ढा खोदकर छुपा रखी थी अफीम, मजदूर वर्ग को बनाता था निशाना
रीको एरिया में सादा वर्दी में तैनात ANTF टीम ने बोगस ग्राहक भेजकर एक बड़े तस्कर को पकड़ा। आरोपी थकान मिटाने के बहाने अफीम का सेवन करने लगा और बाद में परिवार पालने के लिए तस्करी शुरू कर दी।
- बरामदगी: 1 किलो 286 ग्राम अफीम का दूध और 334 ग्राम विनिर्मित अफीम।
- गिरफ्तार आरोपी: बाबुलाल पुत्र ढाकराराम विश्नोई (49), निवासी सोमारडी (हाल रीको एरिया, बाड़मेर)।

4. रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर): पंजाब से हेरोइन ला रहा तस्कर खंडहर से धराया
ANTF श्रीगंगानगर ने रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन के पास सिंचाई विभाग के खंडहरों में दबिश दी। आरोपी पंजाब से राजस्थान में हेरोइन सप्लाई करने की फिराक में था।
- बरामदगी: 102.12 ग्राम हेरोइन।
- गिरफ्तार आरोपी: हर्ष सोनी पुत्र रमेश कुमार सोनी (21), निवासी वार्ड 25, रायसिंहनगर। इसके खिलाफ पहले भी 3 मामले दर्ज हैं।

5. सांगाणा (जालोर): कोलकाता भेजी जा रही अफीम की बड़ी खेप पकड़ी
भारतमाला हाईवे पर महादेव होटल के पास दो लग्जरी कारों की घेराबंदी कर पुलिस ने 4 तस्करों को दबोचा। यह खेप जोधपुर से कोलकाता भेजी जानी थी।
- बरामदगी: 4.211 किलोग्राम अफीम का दूध, स्विफ्ट (RJ 19 TB 2183) और ब्रेजा (GJ 01 RY 5281) कार।
- गिरफ्तार आरोपी:
- पवन मुड़ेल पुत्र रामपाल मुड़ेल, निवासी खागता (पीपाड़ शहर)।
- चेतन पुत्र रूपाराम जाट, निवासी डाबली (सायला, जालोर)।
- अभिषेक पुत्र धर्मेन्द्र जाट, निवासी रतकुडिया (पीपाड़ शहर, जोधपुर)।
- राजुराम पुत्र केहराराम जाट, निवासी रंगाला (बागौड़ा, जालोर)।

6. अनूपगढ़: महिला की आड़ में तस्करी, नाकाबंदी तोड़कर भागी अल्टो पकड़ी
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए महिला को साथ रखा था ताकि नाकाबंदी के दौरान बीमारी का बहाना बनाकर निकल सकें। पुलिस ने पीछा कर इन्हें दबोच लिया।
- बरामदगी: 96 ग्राम हेरोइन और सुजुकी अल्टो (RJ 13 CB 6179)।
- गिरफ्तार आरोपी:
- राणोबाई पत्नी मनजीतसिंह, निवासी 27 ए, अनूपगढ़।
- सोनीराम उर्फ सोनू पुत्र धर्माराम मेघवाल, निवासी 5 केडी (रावला, श्रीगंगानगर)।
- राजकुमार पुत्र मुख्तारसिंह, निवासी धक्का बस्ती (घड़साना)।

7. श्रीकरणपुर: पंजाब बॉर्डर पर लग्जरी कार से हेरोइन बरामद
ANTF और श्रीकरणपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब से आ रही टोयोटा एटीयोस कार को रोका। तलाशी में आरोपी की जेब से हेरोइन मिली।
- बरामदगी: 115 ग्राम हेरोइन और टोयोटा एटीयोस (RJ 02 CC 4130)।
- गिरफ्तार आरोपी:
- गुरप्रीत सिंह उर्फ रवि पुत्र हरगंश सिंह, निवासी रावला मंडी।
- दिलप्रीत सिंह उर्फ डी.के. पुत्र राजदीप सिंह, निवासी रावला मंडी।
- अनिल कुमार पुत्र कृष्ण लाल लेघा, निवासी 7 केएनडी (रावला मंडी)।
- रवि कुमार पुत्र मनोहर लाल, निवासी साधुवाली (जवाहर नगर, श्रीगंगानगर)।
महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इन सभी टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी कोई भी जानकारी कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दें, पहचान गुप्त रखी जाएगी।



