नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बने 184 नए फ्लैट्स का उद्घाटन किया। यह आवासीय परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसे विशेष रूप से सांसदों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
इन फ्लैट्स को आधुनिक और हरित तकनीक (ग्रीन टेक्नोलॉजी) का उपयोग करके तैयार किया गया है, जिससे ऊर्जा की बचत होगी और पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाएगा। इस प्रोजेक्ट को जीआरआईएचए 3-स्टार रेटिंग मिली है और यह राष्ट्रीय भवन संहिता 2016 के मानकों के अनुरूप है।
यह परिसर न केवल मजबूत और भूकंपरोधी है, बल्कि इसमें दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष सुविधाएं दी गई हैं। प्रत्येक फ्लैट लगभग 5,000 वर्ग फुट का है, जिसमें रहने और काम करने दोनों के लिए पर्याप्त जगह है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने आवासीय परिसर में सिंदूर का एक पौधा भी लगाया और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से भी बातचीत की। यह आवासीय परिसर लंबे समय से सांसदों की आवास की कमी की समस्या को दूर करने में मददगार होगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां