प्रेम-प्रसंग के चलते हुआ था अपहरण, बोलेरो कैम्पर गाड़ी जब्त; फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी
(सर्कल न्यूज़ नेटवर्क) रानीवाड़ा/करड़ा। रानीवाड़ा के निकट करड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, सिलासन गांव से प्रेम-प्रसंग के विवाद में अपहृत किए गए युवक हडमतसिंह को मात्र 48 घंटों के भीतर सकुशल मुक्त करवा लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन मुख्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है और अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो कैम्पर गाड़ी को जब्त कर लिया है।
सांचोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रत्नु के निर्देशन और वृताधिकारी भवानीसिंह इन्दा के सुपरविजन में करड़ा थानाधिकारी जीतसिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह था घटनाक्रम:
घटना 1 अक्टूबर 2025 की रात की है। करड़ा पुलिस थाने में मदनसिंह राजपूत (सिलासन निवासी) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके साले दिनेश सिंह सिवाड़ा द्वारा तेजसिंह आकोली की पुत्री को भगाकर ले जाने के कारण कुछ लोग उनके घर आए थे। उन लोगों ने मदनसिंह के साथ मारपीट की और उसके बेटे हडमतसिंह को जबरदस्ती गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया।
तुरंत एक्शन और गिरफ्तारी:
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जगह-जगह नाकाबंदी और तलाश शुरू की। गहन छानबीन और दबिश के बाद, पुलिस टीम ने 48 घंटे के रिकॉर्ड समय में अपहृत हडमतसिंह को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित छुड़ा लिया। इस घटना में शामिल तीन आरोपियों धनसिंह (18 साल 2 माह, निवासी आकोली), कृष्ण कुमार (26 साल, निवासी तेतरोल) और वीराराम (26 साल, निवासी तेतरोल) को पूछताछ और अनुसंधान के बाद 2 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर (नम्बर आरजे 46 सीके 4566) को भी जब्त कर लिया है। थानाधिकारी जीतसिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां