थराद, बनासकांठा।
थराद के आसोदर गांव के पास पुलिस ने विदेशी शराब तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए एक स्विफ्ट कार से 1.28 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घटना उस समय हुई जब पुलिस को देखकर तस्कर कार लेकर भागने लगे। आसोदर से तारुवा जाने वाले मार्ग पर चालक ने कार को ईख के खेत में उतार दिया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रमेश पुरोहित नामक एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भरत राजपूत झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
कार की तलाशी में पुलिस को 622 बोतल विदेशी शराब और बीयर के टिन मिले, जिनकी कीमत ₹1,28,311 आँकी गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (कीमत ₹4 लाख), दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, और ₹10,400 नकद सहित कुल ₹5.38 लाख से अधिक का माल जब्त किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिना पास-पर्मिट के भारतीय निर्मित विदेशी शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।



