रानीवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए ‘ऑपरेशन मदमस्त’ के तहत बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम पाल में एक सूने घर पर दबिश देकर 12 कार्टून अवैध देशी शराब बरामद की और आरोपी उतमाराम पुत्र रावताराम को गिरफ्तार किया।
महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज, विकासकुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक जालोर ज्ञानचन्द्र यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। इस ऑपरेशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचोर आवड़दान रत्नू एवं उप अधीक्षक वृत रानीवाड़ा भवानीसिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी दीपसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम पाल में दबिश दी।
सूचना के अनुसार, ग्राम पाल निवासी वचनाराम भील के सूने घर में आरोपी उतमाराम भील द्वारा अवैध देशी शराब छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर तलाशी ली, जिसमें 12 कार्टून शराब बरामद हुई। आरोपी को मौके से हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 19/54 में मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी उतमाराम (25) पुत्र रावताराम, जाति भील, ग्राम पाल निवासी है। पुलिस टीम में थानाधिकारी दीपसिंह, कानिस्टेबल श्रवण कुमार, पूनमाराम, जोगाराम और जगदीश शामिल थे।



