जालोर। जोधपुर रेंज में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन धरकरभर’’ अभियान के तहत भाद्राजून पुलिस ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई कर तखतगढ़ थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर परबतसिंह सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जालोर मोटाराम गोदाराम और वृताधिकारी आहोर अनिल राजपुरोहित के सुपरविजन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
भाद्राजून थाना प्रभारी महेन्द्रसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 जुलाई की रात करीब 9 बजे कस्बा भाद्राजून में चैकिंग के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो (नम्बर आरजे 24 यू 0200) को रुकवाया। वाहन में सवार तखतगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर परबतसिंह पुत्र मंगलसिंह निवासी हिंगोला के पास वाहन के कागजात नहीं थे। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त किया और परबतसिंह के साथ अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर परबतसिंह के अलावा राकेश पटेल पुत्र पुनाराम पटेल निवासी राजपूतों का वास धिंगाणा थाना जैतपुर, रमजान खां पुत्र न्याज खां निवासी लालपोल अंदर जालोर, जोगाराम पुत्र नारायणलाल निवासी ज्योतिबा फुले स्कूल के आगे गली, वाडिया गोडिजी मंदिर के पीछे थाना कोतवाली जालोर, विशाल सिंह पुत्र भवंरसिंह निवासी अगावली विहार जामडोली जयपुर, तथा बलवंत पुत्र रगाराम निवासी ज्योतिबा फुले स्कूल के आगे गली वाडिया जालोर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर परबतसिंह पर तखतगढ़ थाने में कई पुराने आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। रमजान खां थाना कोतवाली जालोर में नकबजनी और एनडीपीएस एक्ट में अभियोग में चालानशुदा है। जोगाराम चोरी के प्रकरण में अभियुक्त रह चुका है, जबकि राकेश कुमार झगड़ालू प्रवृत्ति का व्यक्ति है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी मौके पर उत्तेजित होकर संज्ञेय अपराध की तैयारी कर रहे थे और परिशांति भंग होने की आशंका के चलते भाद्राजून थाना पुलिस ने इन्हें धारा 126 व 170(1) बीएनएसएस 2023 के तहत गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में थाना भाद्राजून से थाना प्रभारी महेन्द्रसिंह, सहायक उप निरीक्षक दरियाव खां, कांस्टेबल जोगाराम (1027) और मनोहरलाल (223) शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने इसे संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई बताया।



