बागरा (बाघ सिंह राजपुरोहित)। बागरा के निकटवर्ती डुडसी ग्राम पंचायत में शनिवार को आयोजित एक सादे व गरिमामय समारोह में नवनिर्वाचित सरपंच प्रागाराम प्रजापत, उपसरपंच कैलाशकंवर सहित सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता जोगसिंह राजपुरोहित आडवाडा, नवनिर्वाचित सरपंच प्रागाराम प्रजापत, उपसरपंच कैलाशकंवर (धर्मपत्नी गंगासिंह) सहित सभी नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात सरपंच प्रागाराम प्रजापत ने उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों व जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीणों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें गांव की सेवा करने का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरना तथा पंचायत का सर्वांगीण विकास करना ही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। सरपंच ने गांव के सभी वर्गों को साथ लेकर पारदर्शी एवं जवाबदेह पंचायत व्यवस्था बनाने तथा सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता जोगसिंह राजपुरोहित आडवाडा ने समस्त ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले सात वर्षों के कार्यकाल में उन्हें गांव के विकास का जो अवसर मिला, उसमें सभी वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने इस दौरान मिले भरपूर जनसहयोग के लिए समस्त डुडसी वासियों का हृदय की गहराइयों से आभार जताया। ग्रामीणों ने भी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जीत की शुभकामनाएं देते हुए गांव के चहुंमुखी विकास की उम्मीद जताई।
समारोह में ग्राम विकास अधिकारी अभिषेक कुमार दहिया, छगनलाल, भाजपा ग्रामीण मंडल बागरा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जवानमल सुथार, मीडिया प्रभारी बगसिंह राजपुरोहित, बाबूसिंह सिंधल, जल विभाग ऑपरेटर एवं भाजपा कार्यकर्ता महेंद्रसिंह सिंधल, गंगासिंह सिंधल, भंवरसिंह सिंधल, हरिसिंह सिंधल, रूपसिंह, हडमतसिंह राजपुरोहित, गोविंद प्रजापत, समरथाराम घांची, जवानाराम प्रजापत, प्रागाराम सुथार, उदाराम मीणा तथा वार्ड पंच फुसाराम सुथार, वचनसिंह राजपुरोहित, भगवानाराम, जितेन्द्र कुमार, हंजादेवी, इन्द्रादेवी, पुष्पादेवी, हरियादेवी, गीतादेवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।










पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां