सर्किल न्यूज नेटवर्क | थराद (बनासकांठा)
गुजरात-राजस्थान सीमा से सटे थराद के खोड़ा चेकपोस्ट पर स्थानीय पुलिस ने शराब तस्करी की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पंजाब पासिंग के एक ट्रेलर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रेलर-कंटेनर और शराब की 60,444 बोतलों सहित कुल ₹3,28,75,385 (करीब 3.28 करोड़ रुपये) का मुद्दामाल जब्त किया है।
कस्टम सील का बहाना बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब से एक बड़े कंटेनर में शराब की खेप गुजरात लाई जा रही है। सूचना के आधार पर थराद पुलिस ने खोड़ा चेकपोस्ट पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रेलर को रोका। पूछताछ के दौरान चालक ने कंटेनर पर 'कस्टम विभाग की सील' लगी होने का हवाला देकर तलाशी लेने से मना कर दिया। हालांकि, चालक के हाव-भाव से पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से सील तोड़कर जब कंटेनर की जांच की गई, तो अंदर चावल और भूसे के कट्टों के बीच छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की पेटियां देखकर पुलिस भी दंग रह गई।
करीब 3 करोड़ की शराब और अन्य सामान जब्त पुलिस ने कंटेनर से भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की कुल 60,444 बोतलें जब्त की हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग ₹2.98 करोड़ आंकी गई है। इसके अलावा ट्रेलर से भूसे के 10 कट्टे, दो बोरे और टूटी हुई सील के दो टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।
पंजाब का चालक गिरफ्तार, हलवद कनेक्शन की जांच इस मामले में पुलिस ने पंजाब के बरनाला जिले के तपा मंडी निवासी 33 वर्षीय जगतारसिंह नछतरसिंह महेर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ मौजूद क्लीनर के नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान गुप्त रखी गई है।
थराद के डीवाईएसपी एस.एम. वारोतरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप कच्छ ले जाई जा रही थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हलवद की किसी पार्टी ने चावल के कट्टों की आड़ में यह माल मंगवाया था। फिलहाल एलसीबी (LCB) के पीएसआई पूरे नेटवर्क की गहन तफ्तीश कर रहे हैं।
नकली निकली कस्टम सील तो जुड़ेंगी नई धाराएं डीवाईएसपी के अनुसार, कंटेनर पर लगी कस्टम की सील असली है या तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए नकली सील लगाई थी, इसकी पुष्टि के लिए कस्टम विभाग को पत्र लिखा गया है। यदि जांच में सील नकली पाई जाती है, तो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अतिरिक्त मामला दर्ज किया जाएगा।











पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां