252 किलो डोडा पोस्त तस्करी का मामला: गुजरात का रहने वाला है आरोपी
सर्किल न्यूज नेटवर्क
सांचौर। स्थानीय पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले तीन साल से फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी और टॉप-10 वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। यह आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
क्या है पूरा मामला?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू के निर्देशन और वृत्ताधिकारी जयराम मुंडेल के सुपरविजन में सांचौर थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम 17 जून 2026 को क्षेत्र में नाकेबंदी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकवाया।
जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपनी असली पहचान रमेश भाई स्वीकार की। जांच करने पर सामने आया कि वह सांचौर थाने का टॉप-10 और 10,000 रुपये का इनामी अपराधी है।
वर्ष 2023 से था फरार
आरोपी रमेश भाई पुत्र कृष्णभाई भाभरिया (उम्र 39 वर्ष), निवासी नवापुरा, थाना सुईगांव, जिला वाव-थराद (गुजरात) के खिलाफ सांचौर थाने में 3 मार्च 2023 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 25 के तहत मुकदमा नंबर 113 दर्ज किया गया था। यह मामला 252 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त की तस्करी से जुड़ा हुआ था, जिसमें आरोपी पिछले तीन साल से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
इस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली सांचौर पुलिस टीम में ये शामिल रहे:
- थानाधिकारी नेमाराम
- सहायक उपनिरीक्षक पारसाराम
- सहायक उपनिरीक्षक छतरपाल
- हेड कांस्टेबल कालूदान
- कांस्टेबल महेशकुमार
- कांस्टेबल राजेंद्र
- कांस्टेबल दीपाराम
- कांस्टेबल हड़मानाराम
- कांस्टेबल अशोककुमार (विशेष भूमिका)
- कांस्टेबल सेवाराम



