PWD का सहायक अभियंता निकला पेपर चोर, सांचौर पुलिस की मदद से जालौर से हुई गिरफ्तारी
जयपुर/सांचौर। राजस्थान में पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ एसओजी (SOG) का अभियान लगातार जारी है। कनिष्ठ अभियंता (JEN) भर्ती परीक्षा वर्ष 2020 के पेपर लीक मामले में एसओजी ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित अभियुक्त सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी वर्तमान में लोक निर्माण विभाग (PWD) में खुद सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक जालोर के निर्देशन में सांचौर पुलिस द्वारा की गई, जिसके बाद आरोपी को जयपुर एसओजी के सुपुर्द कर दिया गया।
लाखों की डील और जगदीश वी. गैंग का कनेक्शन: एसओजी की जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेश कुमार ने JEN भर्ती परीक्षा का पेपर परीक्षा से पहले ही प्राप्त करने के लिए गणपतलाल मालवाडा के साथ लाखों रुपये का सौदा किया था। जांच के अनुसार, कुख्यात जगदीश वी. गैंग द्वारा लीक किया गया यह पेपर अभियुक्त भूपेन्द्र सारण के जरिए गणपतलाल तक पहुँचा था, जिसने सुरेश कुमार को परीक्षा से पहले पेपर पढ़ा दिया था। आरोपी ने नकद धनराशि देकर सिस्टम में सेंध लगाई और खुद इंजीनियर बन बैठा।

अब तक 43 आरोपी सलाखों के पीछे: विशाल बंसल (अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, एसओजी जयपुर) ने बताया कि सांगानेर थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 540/2020 के तहत अब तक कुल 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सुरेश कुमार की गिरफ्तारी इस कड़ी में एक महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है। पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि इस नेटवर्क से जुडे अन्य सफेदपोशों और दलालों के नामों का खुलासा हो सके।
गिरफ्तार अभियुक्त का पूरा विवरण:
- नाम-पता: सुरेश कुमार पुत्र दुर्गाराम जाति बिश्नोई (साऊ), उम्र 29 साल, निवासी डेडरिया नाडी, चितलवाना, पुलिस थाना चितलवाना, जिला जालोर।
- वर्तमान पद: सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), धोरीमन्ना, जिला बालोतरा।
सर्कल न्यूज़ ओपिनियन
"सरकारी तंत्र में बैठे ऐसे लोग न केवल योग्य उम्मीदवारों का हक मार रहे हैं, बल्कि पूरे सिस्टम की साख पर भी धब्बा हैं। 'सर्कल न्यूज़ नेटवर्क' प्रशासन से यह मांग करता है कि ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ न केवल कानूनी कार्यवाही हो, बल्कि उन्हें तत्काल सेवा से बर्खास्त कर उनकी संपत्ति की भी जांच की जाए। पेपर लीक के इस कैंसर को जड़ से खत्म करना ही युवाओं के साथ असली न्याय होगा।"
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क - मजलूमों की आवाज़, सच के साथ निष्पक्ष।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां