पालनपुर (गुजरात) / जालोर।
गुजरात के पालनपुर में आयोजित अखिल भारतीय आंजना (पटेल) युवा महासंगठन के विशाल स्नेह मिलन समारोह में जालोर-सिरोही से तीन बार के सांसद रहे देवजी पटेल का अनोखा और देसी अंदाज देखने को मिला। मंच से समाज को संबोधित करते हुए देवजी पटेल ने न केवल शिक्षा और संगठन की शक्ति का मंत्र दिया, बल्कि बनास डेयरी के चेयरमैन और गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी से बेहद हल्के-फुल्के और देसी अंदाज में राजस्थान के पशुपालकों के लिए बोनस बढ़ाने की बड़ी मांग रख दी, जिस पर पूरा पांडाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।
8 फैट के दूध का हवाला और 'गेरो चूरमो' की अनोखी मांग
संबोधन के दौरान देवजी पटेल ने गुजरात और राजस्थान के आंजना-चौधरी समाज के रिश्तों को बड़े भाई और छोटे भाई की संज्ञा दी। बनास डेयरी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्होंने शंकर चौधरी की ओर इशारा कर कहा, "शंकर भाई, आपने हमें निहाल तो कर दिया, लेकिन अब थोड़ा और निहाल कीजिए। हम आपको 8 फैट का शुद्ध दूध देते हैं, जबकि दूसरी जगहों से 2-3 फैट का दूध आता है। आप 8 रुपये के बजाय 9 रुपये कर दीजिए और थोड़ा बोनस भी बढ़ा दीजिए।"
अपनी बात को देसी अंदाज में समझाते हुए उन्होंने पुराने रिवाजों का जिक्र किया और कहा कि जिस तरह बड़ी बहन छोटे भाई को बाजरे की रोटी में घी डालकर 'गेरो चूरमो' (गाढ़ा चूरमा) बनाकर खिलाती थी, उसी तरह अब गुजरात रूपी बड़ा भाई राजस्थान रूपी छोटे भाई को बोनस रूपी 'गेरो चूरमो' खिलाकर निहाल करे।
500 करोड़ के 'विश्व आंजना धाम' और भामाशाहों की सराहना
देवजी पटेल ने समारोह में समाज के भामाशाहों, शंकर भाई, हरि भाई और विपुल भाई सहित तमाम वरिष्ठजनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पालनपुर में 14 बीघा जमीन और करीब 500 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के रूप में 'विश्व आंजना धाम' जैसा भव्य शिक्षा संकुल खड़ा करना ऐतिहासिक कदम है। इससे राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और हरियाणा सहित देशभर के समाज के बेटे-बेटियों को उच्च शिक्षा मिलेगी और उनका भविष्य उज्ज्वल होगा।
100-100 रुपये से 10 लाख की मदद का दिया फॉर्मूला
समाज की आर्थिक मजबूती और आपसी सहयोग पर जोर देते हुए पूर्व सांसद ने युवाओं से ग्रुप बनाकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चौधरी समाज हमेशा देने वाला समाज रहा है, कभी हाथ फैलाने वाला नहीं। उन्होंने एक सरल गणित समझाते हुए कहा, "यदि समाज के 10,000 लोग किसी जरूरतमंद भाई की मदद के लिए महज 100-100 रुपये भी निकालें, तो एक सेकंड में 10 लाख रुपये इकट्ठा हो सकते हैं। यही हमारे समाज की असली ताकत है।"
सीमावर्ती रिश्तों और सहयोग का भी किया जिक्र
भाषण की शुरुआत में उन्होंने राजस्थान और गुजरात की सीमा से जुड़े आपसी व्यवहार और संकट के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की भावना को भी याद किया। समारोह में बड़ी संख्या में राजस्थान और गुजरात से आए आंजना-चौधरी समाज के प्रबुद्धजन, युवा और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां