Circle News Network
सांचौर। उपखंड क्षेत्र के धानता गांव के समीप देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया, जिसमें तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पुर (राजीवनगर) निवासी विश्नोई समाज के चार युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। धानता के पास सामने से अत्यधिक तेज गति में आ रहे एक अज्ञात वाहन की तेज हेडलाइट की रोशनी बाइक चालक की आंखों में अचानक पड़ी, जिससे बाइक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और दोनों वाहनों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और युवक दूर जा गिरे।
3 की मौके पर मौत, एक की हालत नाजुक
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों व स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे युवक की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुजरात रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। एक ही समाज व गांव के तीन युवकों की अकाल मौत से राजीवनगर पुर गांव में चूल्हे तक नहीं जले और मातम पसर गया।
(पूरी जानकारी मिलने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा)











पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां