सांचौर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 कार्टून अंग्रेजी शराब जब्त की। जब्तशुदा शराब की अनुमानित बाजार कीमत 11 लाख रुपये बताई जा रही है।
जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के निर्देशानुसार ‘ऑपरेशन भौकाल’ के तहत जिले में अवैध शराब की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में जालोर जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर आवड़दान रतनू एवं आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ के सुपरविजन में पुलिस थाना सांचौर द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

शराब तस्करी का पर्दाफाश
दिनांक 01 मई 2025 की रात को निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गोलासन से गुजरात जाने वाली सड़क पर एक स्कॉर्पियो वाहन में शराब तस्करी की जा रही है। पुलिस ने तत्परता से नाकाबंदी की, लेकिन वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर गुजरात सीमा की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने पीछा कर सरहद गढ़राली, थराद हाईवे पर स्थित मनमोहन रिसोर्ट के पास वाहन को पकड़ा।
तलाशी लेने पर वाहन में राजस्थान निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर के कुल 92 कार्टून पाए गए। पुलिस ने शराब जब्त कर अवैध परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी कब्जे में लिया।
मामले में जांच जारी
शराब तस्करी के मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश एवं मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस टीम का शानदार योगदान
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक तगाराम, कानि सेवाराम (864), कानि ओमप्रकाश (863), कानि शिवकरण (57) सहित पुलिस थाना सांचौर की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश देने का काम करेगी। अभियान के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



