पश्चिमी राजस्थान को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में पुणे (हडपसर) – जोधपुर (भगत की कोठी) और डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल – जोधपुर (भगत की कोठी) रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक और प्रोद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रेल सेवाओं का विस्तार और नई क्रांति
रेल मंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों का पुनर्विकास, दोहरीकरण, नई रेल लाइनों का निर्माण, विद्युतीकरण और नई रेल सेवाओं की शुरुआत की जा रही है।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने कहा कि इन ट्रेनों के माध्यम से वीर दुर्गादास और छत्रपति शिवाजी महाराज की ऐतिहासिक संधि के रिश्ते को फिर से जीवंत किया जा रहा है। उन्होंने रेलवे के क्षेत्र में हो रहे क्रांतिकारी बदलाव की सराहना की।

जोधपुर और पुणे में आयोजित समारोह
पुणे में आयोजित कार्यक्रम में सांसद पी. पी. चौधरी ने भी भाग लिया, जबकि जोधपुर स्टेशन पर संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उद्घाटन समारोह में भाग लेकर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, विधायक देवेंद्र जोशी, महापौर वनिता सेठ, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ और मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रेलवे अधिकारियों ने इस नई सुविधा को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इससे राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच यात्रा सुविधाजनक और तेज होगी। रेलवे के इस विस्तार से व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के इस महत्वपूर्ण कदम से पश्चिमी राजस्थान में परिवहन व्यवस्था और पर्यटन को नई गति मिलेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।



