(संवाददाता, जालोर) पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव ने 28 और 29 अप्रैल 2025 को पुलिस थाना सरवाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रत्नु, सहायक पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, और थानाधिकारी सूरजभानसिंह की मौजूदगी में सीएलजी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कानून व्यवस्था, साइबर क्राइम की रोकथाम, यातायात नियमों की पालना, मृत्यु भोज बंद करने, और शादी समारोह में नशे के सेवन पर रोक लगाने को लेकर चर्चा हुई। पुलिस ने अपील की कि नशा कराने या करने वालों की सूचना तुरंत दी जाए।
निरीक्षण के दौरान अपराध गोष्ठी का आयोजन कर थाना क्षेत्र में अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। थाने के रिकॉर्ड, मालखाने, और थाना भवन की सफाई का भी निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में रात्रि विश्राम किया और पुलिस जवानों के साथ मैस में भोजन किया। सुबह उन्होंने मॉर्निंग वॉक और योगा अभ्यास में भाग लिया और जवानों को नियमित व्यायाम करने व गर्मी के मौसम में अधिक पानी पीने की सलाह दी।



