एनडीपीएस मामले में 28 माह से चल रहा था फरार; एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने सादे कपड़ों में घेरा
सर्कल न्यूज नेटवर्क सांचौर। एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले 28 महीनों से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी तस्कर को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दस्तयाब कर लिया। सांकड़ पुलिस चौकी प्रभारी एवं सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सुरेंद्र सिंह की टीम ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को करीब 3 किलोमीटर तक खेतों में दौड़ाकर काबू किया।
जोधपुर रेंज महानिरीक्षक एवं जालौर जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सांकड़ चौकी प्रभारी एएसआई सुरेंद्र सिंह को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि मंडफिया (चित्तौड़गढ़) थाने से वांछित इनामी आरोपी पातालेश्वर महादेव मंदिर मेला, सेवाड़ा में आने वाला है।
सादे कपड़ों में भक्तों के बीच पहुंची टीम सूचना मिलते ही एएसआई सुरेंद्र सिंह मय जाब्ता (कांस्टेबल मनोहरलाल व कांस्टेबल जयंतीलाल) सादे वस्त्रों में दर्शनार्थियों की भीड़ में शामिल हो गए और निगरानी शुरू की। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी भीड़ से बचकर खेतों की तरफ भाग निकला। इस पर एएसआई सुरेंद्र सिंह व उनकी टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया और करीब 3 किलोमीटर तक खेतों में खड़ी फसल के बीच कड़ी मशक्कत के बाद उसे धर दबोचा।
दस्तयाब आरोपी की पहचान
- नाम व पता: नरेश उर्फ नेनाराम भादू, निवासी सरनाऊ, पुलिस थाना सांचौर, जिला जालौर।
- इनाम व मामला: चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 15,000 रुपए का इनामी घोषित, जो पुलिस थाना मंडफिया (चित्तौड़गढ़) में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था।
कार्रवाई के बाद आरोपी को अग्रिम अनुसंधान एवं कानूनी प्रक्रिया हेतु चित्तौड़गढ़ पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।



