12 घंटे में डंपर चोरी का सनसनीखेज खुलासा: रानीवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाली के पास लावारिस छोड़ फरार हुआ चोर
रानीवाड़ा (रा.)। जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन में रानीवाड़ा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चोरी गया डंपर (हाइवा) बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करीब 200 किलोमीटर तक लगातार पीछा करते हुए आरोपी को घेरकर वाहन जब्त किया।
राजेश्वर पेट्रोल पंप से चोरी हुआ था डंपर
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को प्रार्थी गेमाराम पुत्र जोधाराम चौधरी (निवासी वडलू) ने रानीवाड़ा थाने में रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 8 अगस्त की रात 10 बजे उनका डंपर हाइवा (नंबर RJ 46 GA 6043) राजेश्वर पेट्रोल पंप आमपुरा पर खड़ा किया गया था। अगली सुबह 6 बजे संभालने पर डंपर वहां से गायब मिला, जिसे कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
200 किमी पीछा कर नाकाबंदी में घेरा
घटना के त्वरित खुलासे हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर आवड़ दान रतनू एवं क्षेत्राधिकारी रानीवाड़ा भवानीसिंह इंदा के निकटतम सुपरविजन में रानीवाड़ा थाना प्रभारी दीपसिंह (सउनि) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम के सउनि भरतसिंह व जाब्ते ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी गए डंपर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार करीब 200 किलोमीटर तक पीछा करते हुए नेशनल हाईवे सांडेराव (पाली) से आगे पाली की तरफ नाकाबंदी करवाई गई और डंपर की पहचान कर उसे रुकवाने का प्रयास किया गया।
डिवाइडर तोड़कर भाग निकला चालक, डंपर जब्त
पुलिस टीम को देखकर शातिर चालक ने डंपर को डिवाइडर से टकराते हुए गलत दिशा में भगा लिया। आगे जाकर चालक पुलिस की पकड़ से बचने के लिए डंपर को लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चोरी गया डंपर जब्त कर रानीवाड़ा थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना अधिकारी दीपसिंह (सउनि), भरतसिंह (सउनि), लादूराम (कांस्टेबल 264) तथा भागीरथराम (कांस्टेबल 158) की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां