सूने मकानों को बनाते थे निशाना, मास्टरमाइंडों की निशानदेही पर सोना-चांदी बरामद
जालोर: चितलवाना थाना पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. यह कार्रवाई जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार और जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई है.
घटना का विवरण
प्रार्थिया श्रीमती रमिला देवी पत्नी नरेश जी (उम्र 42 वर्ष, निवासी रतोड़ा, पुलिस थाना चितलवाना) ने 30 जुलाई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर तिजोरी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ले गए. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया.
आरोपियों के पूरे नाम और पते
पुलिस ने पूछताछ के बाद निम्नलिखित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- गौतम कुमार पुत्र अर्जुनराम, जाति मेघवाल, उम्र 22 वर्ष, पेशा: खेती व मिस्त्री, निवासी: किलुपिया, पुलिस थाना सांचौर, जिला जालोर.
- तलछाराम पुत्र जोईताराम, जाति मेघवाल, उम्र 19 वर्ष, पेशा: खेती, निवासी: किलुपिया, पुलिस थाना सांचौर, जिला जालोर.
- डूंगरपुरी पुत्र रावतपुरी, जाति गोस्वामी, उम्र 22 वर्ष, निवासी: वौढ़ा, पुलिस थाना करड़ा, जिला जालोर.
अन्य वारदातों का खुलासा और तरीका-ए-वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी शातिर किस्म के नकबजन हैं. पूछताछ के दौरान इन्होंने सांचौर थाना क्षेत्र के हाड़ेतर गांव, नागौल्डी और पुर गांव में ग्रामीण बैंक व अन्य घरों में रात्रि के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है.
इनका तरीका-ए-वारदात यह था कि ये दिन के समय घरों की रेकी करते थे और रात के वक्त सुनियोजित तरीके से खिड़कियों या एयर वेंटिलेशन के रास्ते घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां