सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर। बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर (लालगढ़)–अमदावाद (साबरमती) उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई दैनिक ट्रेन सेवा गुजरात के अहमदाबाद और राजस्थान के बीकानेर के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित करेगी।

विकास को मिलेगी नई रफ्तार
इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीकानेर क्षेत्र की जनता को लंबे समय से एक बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दरकार थी, जिसे आज पूरा कर दिया गया है। इस नई रेल सेवा से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को ₹10,228 करोड़ का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है, जो राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने में गेमचेंजर साबित होगा। वर्तमान में राजस्थान में ₹76,800 करोड़ से अधिक के रेलवे विकास कार्य प्रगति पर हैं।
स्टेशनों का कायाकल्प और सेल्फी पॉइंट
अमृत स्टेशन योजना के तहत देश भर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। रेल मंत्री ने बताया कि बीकानेर, लालगढ़, नोखा, सादुलपुर, चुरू और रतनगढ़ रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। जयपुर और जैसलमेर स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय कला और संस्कृति के अनुरूप किया गया है, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं और लोग वहां जमकर सेल्फी ले रहे हैं। इसके अलावा, इंडस्ट्रीज को बढ़ावा देने के लिए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का निर्माण भी किया जा रहा है।

सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष ध्यान और नई ट्रेनों की सौगात
सुरक्षा और विकास को जोड़ते हुए रेल मंत्री ने कहा कि बॉर्डर पर रेल लाइन के निर्माण कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ हाथ में लिया गया है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बीकानेर से चंडीगढ़ के लिए नई ट्रेन से संबंधित प्रस्ताव की फीजिबिलिटी जांचने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर पधारने पर रेल मंत्री का आभार जताया और बीकानेर स्टेशन के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित स्टेशन महोत्सव तथा वंदे भारत सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया।
इन शहरों के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
यह नई एक्सप्रेस सेवा राजस्थान और गुजरात के कई जिलों को आपस में जोड़ेगी। ट्रेन के मुख्य ठहराव इस प्रकार रहेंगे:
- गुजरात: साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा।
- राजस्थान: रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़।
इस दैनिक ट्रेन सेवा के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।



