शहर के चुंगी नाका और मालवीय नगर में निकले कोबरा और नागिन, दहशत के बीच सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
भीनमाल। शहर में इन दिनों जहरीले सांपों की मौजूदगी से रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल है। पिछले 48 घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दो बड़े सांप निकलने की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। हालांकि, सर्प मित्र शाहरुख खान उर्फ सूर्या की तत्परता से दोनों ही मामलों में कोई अनहोनी नहीं हुई।
चुंगी नाका: 12 फीट लंबे कोबरा ने बढ़ाई धड़कनें ताजा मामला शहर के चुंगी नाका क्षेत्र का है, जहां एक रहवासी मकान में अचानक 10 से 12 फीट लंबा विशालकाय कोबरा सांप घुस गया। इतना लंबा सांप देखकर घर के सदस्यों के हाथ-पांव फूल गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय सर्प मित्र शाहरुख खान को दी। सूचना मिलते ही शाहरुख मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बेहद सावधानी से इस जहरीले कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सांप के पकड़े जाने के बाद ही मोहल्ले वालों ने राहत की सांस ली।
मालवीय नगर: प्रकाश बिश्नोई के घर निकली काली नागिन इससे ठीक एक दिन पहले मालवीय नगर क्षेत्र में भी इसी तरह का नजारा देखने को मिला। वहां प्रकाश बिश्नोई के मकान में एक काली नागिन घुस गई थी। घर में नागिन को देख हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉन्स्टेबल अशोक कुमार ने सर्प मित्र शाहरुख को मौके पर बुलाया। शाहरुख ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नागिन को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
सैकड़ों वन्यजीवों के रक्षक बने शाहरुख गौरतलब है कि शाहरुख खान उर्फ सूर्या अब तक क्षेत्र में सैकड़ों सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं। वे निस्वार्थ भाव से वन्यजीवों के संरक्षण और आमजन की सुरक्षा में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने उनकी इस बहादुरी और सेवा भावना की सराहना की है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां