मुख्यमंत्री को लिखा पत्र: जालोर-सिरोही के किसानों को मुआवजा दिलाने और राहत प्रदान करने का किया आग्रह
Circle News Network
जालोर/सिरोही।
क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आए मौसम के बदलाव, तेज आंधी और बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। जालोर-सिरोही संसदीय क्षेत्र में रबी की फसलों को हुए भारी नुकसान को देखते हुए सांसद लुम्बाराम चौधरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर विशेष गिरदावरी करवाने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
चार महीने की मेहनत पर फिरा पानी
सांसद चौधरी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जालोर जिले के किसानों ने पिछले चार महीनों से कड़ी मेहनत और मजदूरी कर रबी की फसल तैयार की थी। वर्तमान में खेतों में जीरा, इसबगोल और गेहूं की फसलें या तो कटाई के लिए तैयार खड़ी थीं या कटकर खलिहानों में पड़ी थीं। अचानक आई आंधी और बारिश के कारण ये फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसान गहरे सदमे और मायूसी में हैं।
सरकार से त्वरित राहत की गुहार
पत्र के माध्यम से सांसद ने आग्रह किया कि किसान पूरी तरह से रबी की फसल पर ही निर्भर हैं। ऐसे में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए जालोर जिले के प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत विशेष गिरदावरी (फसल नुकसान का आकलन) करवानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि नुकसान का सटीक आंकड़ा जुटाकर पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए ताकि उन्हें इस प्राकृतिक आपदा से राहत मिल सके।
इन अधिकारियों को भी भेजी प्रतिलिपि
सांसद लुम्बाराम चौधरी ने इस पत्र की प्रतिलिपि राजस्थान सरकार के राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग मंत्री हेमंत मीणा तथा जालोर जिला कलेक्टर को भी भेजी है, ताकि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्यवाही तुरंत शुरू की जा सके।



