जालोर।
देश के प्रथम गृहमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला मुख्यालय पर भव्य ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया गया। यह आयोजन ‘माय भारत जालोर’ और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में हुआ।
प्रमुख हस्तियों का उद्बोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी और विशिष्ट अतिथि राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग रहे।
- सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय की एकता एवं अखण्डता में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रमों को राष्ट्र विकास के लिए नए आयाम बताया। साथ ही, उन्होंने स्वदेशी निर्मित वस्तुओं के उपयोग और स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।
- मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता एवं अस्मिता का प्रतीक बताते हुए युवाओं से राष्ट्र के सशक्तिकरण के लिए सकारात्मक कार्य करने की अपील की।
- आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘हरियालो राजस्थान’ जैसे कार्यक्रमों की सराहना की और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर बल दिया।
- जसराज राजपुरोहित ने सरदार पटेल को देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाला आधुनिक भारत का रचयिता बताया।

यूनिटी मार्च और संकल्प
‘यूनिटी मार्च’ को अतिथियों ने भगतसिंह स्टेडियम परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली भगतसिंह स्टेडियम से सूरजपोल चौराहा, अस्पताल चौराहा, कलेक्ट्रेट, और शिवाजी नगर चौराहा होते हुए शहीद स्मारक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इस दौरान शहीद भगत सिंह स्टेडियम में विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत तथा विभिन्न युवा एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय एकता एवं स्वदेशी को अपनाने की शपथ ली।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी समागम हुआ:
- राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रताप चौक की बालिकाओं ने ‘केसरिया बालम’ और ‘म्हारों प्यारों राजस्थान’ गीतों पर प्रस्तुति दी।
- राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यलाय गोडिजी की बालिकाओं ने ‘मरूधरा में चालें ऊंट घाडो’ पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
- लोक कलाकार बलवंत एवं मीठालाल ने राजस्थानी लोक गीतों से समां बांधा।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ प्रदीप के. गावंडे, पूर्व मंत्री भूपेंद्र देवासी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे। मंच का संचालन अंबिका प्रसाद तिवारी ने किया।



