IGP विकास कुमार ने टीम की सराहना की, कहा- अपराध पर कड़ी नजर
मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने में साईक्लोनर को मिली बड़ी सफलता
जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में साईक्लोनर टीम ने मादक द्रव्यों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर दो दिन में दूसरी बड़ी कार्यवाही करते हुए 40,000 रुपये के इनामी तस्कर नारायण सिंह को बाड़मेर जिले के एक होटल से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से तस्करी गतिविधियों में संलिप्त था और मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर नेटवर्क फैला रहा था।
शादी में अफीम देखकर आया तस्करी का ख्याल
IGP विकास कुमार ने बताया कि आरोपी नारायण सिंह मूलतः रतलाम के राणायरा गांव का निवासी है। उसने जोधपुर में एक शादी समारोह में भाग लेने के दौरान अफीम के उपयोग को ‘शान’ के रूप में देखा और वहीं से उसे मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के ज़रिए कमाई का विचार आया। उसने मध्यप्रदेश से आधे रेट में अफीम लेकर मारवाड़ में दोगुने दामों में बेचने की योजना बनाई और एक गैंग तैयार कर कई खेपें भेजीं।
स्थानीय तस्करों से बना तनाव, दुश्मनी में बदला कारोबार
नारायण सिंह की गतिविधियों से मारवाड़ के स्थानीय तस्कर सतर्क हो गए और उसे प्रतिद्वंद्वी मानने लगे। उन्होंने शिकायतें करना शुरू कीं। पुलिस ने उसके एक गुर्गे को भारी मात्रा में नशे की खेप के साथ पकड़ा था। इसके बाद भी आरोपी ने सीधे खुद ही माल पहुंचाना शुरू कर दिया। इससे उसकी मारवाड़ में दुश्मनी और गहरी हो गई।
साईक्लोनर की सटीक योजना, मोबाइल से मिला सुराग
IGP विकास कुमार ने बताया कि साईक्लोनर टीम लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। उसके गांव राणायरा में दो बार दबिश दी गई, लेकिन वहां उसका नेटवर्क इतना मजबूत था कि पुलिस को सफलता नहीं मिली। आखिरकार एक मौका तब मिला, जब वह बाड़मेर रवाना हुआ और अपनी पत्नी का मोबाइल साथ ले गया। रास्ते में गाड़ी टूटने पर उसने मोबाइल ऑन किया, जिससे टीम को लोकेशन का सुराग मिला।

होटल में मिली सफलता, बालकनी से झांकते पकड़ा गया आरोपी
साईक्लोनर टीम ने बाड़मेर पहुंचकर मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान सिंधरी चौराहे के पास एक एक्सीडेंट हुई गाड़ी मिली, जिसकी नंबर प्लेट से टीम को शक हुआ। आरोपी उसी गाड़ी में था और पास के एक होटल में अपने साथी से मिलने आया था। जब आरोपी ने बालकनी से अपने आदमी को इशारा किया, तभी साईक्लोनर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
IGP विकास कुमार की सराहना: टीम को किया जाएगा सम्मानित
IGP विकास कुमार ने इस सफल ऑपरेशन के लिए साईक्लोनर टीम को बधाई दी और कहा कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम का अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में शामिल टीम को रेंज कार्यालय में विशेष कार्यक्रम के तहत सम्मानित किया जाएगा।
टीम की विशेष भूमिका
इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक कन्हैयालाल, प्रमीत चौहान, देवाराम विश्नोई, हैड कांस्टेबल महिपाल सिंह और कांस्टेबल मनिष परमार, राकेश, अशोक कुमार, गोपाल जाणी, झुमरराम, रोहिताश, जोगाराम, किशोर कुमार, देवाराम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कांस्टेबल गोपाल जाणी की विशेष भूमिका के चलते ऑपरेशन ‘रमणीय’ को निर्णायक सफलता मिली।
आमजन से अपील: सूचना दें, पहचान रहेगी गोपनीय
IGP विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि अगर किसी के पास अपराधियों या संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो वह रेंज पुलिस नियंत्रण कक्ष (फोन: 0291-2650811, व्हाट्सएप: 9530441828) पर संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
यह कार्रवाई न केवल साईक्लोनर टीम की रणनीतिक क्षमता को दर्शाती है, बल्कि IGP विकास कुमार के नेतृत्व में अपराध के खिलाफ जोधपुर रेंज की सख्त और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली का भी प्रमाण है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां