सांचौर/जालोर:
जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव ने शनिवार को पुलिस थाना सांचौर का वर्ष 2024 का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने पर रात्रि विश्राम किया और थाना स्टाफ के साथ सुबह मॉर्निंग वॉक व योगा अभ्यास कर स्वस्थ दिनचर्या पर चर्चा की।
इस अवसर पर सी.एल.जी. (कम्युनिटी लियाजन ग्रुप) की मीटिंग भी आयोजित की गई, जिसमें थाना हल्का क्षेत्र में कानून व्यवस्था, साइबर क्राइम की रोकथाम, यातायात नियमों की पालना, मृत्यु भोज न करने और शादी समारोहों में नशा न करने की समझाइश दी गई। साथ ही, शादी समारोहों में नशा कराने या करने वालों के बारे में पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

इसके बाद थानाधिकारी और मुलाजिमों की अपराध गोष्ठी भी हुई, जिसमें अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और विभिन्न अभियानों के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाने के रेकॉर्ड, मालखाना निस्तारण और थाना भवन की सफाई का भी निरीक्षण किया गया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस जवानों के साथ मैस में भोजन भी किया गया। मुलाजिमों को नियमित मॉर्निंग वॉक, योगा और परेड करवाकर स्वस्थ रहने की सलाह दी गई। गर्मी के मौसम में ड्यूटी के दौरान विशेष सावधानी और अधिक से अधिक पानी पीने की भी सलाह दी गई।



