जालौर के सांचौर में ANTF, NCB और पुलिस का वज्र प्रहार: 'ऑपरेशन प्रयोगशाला' से नशा माफियाओं की टूटी कमर | राजस्थान में नशे की सबसे बड़ी स्ट्राइक | एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में करोड़ों की MD लैब ध्वस्त
जालौर/सांचौर। राजस्थान को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ एटीएस व एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार और घनश्याम सोनी (आईआरएस जोनल डायरेक्टर एनसीबी) की संयुक्त व्यूह रचना ने नशा माफियाओं के साम्राज्य को हिला कर रख दिया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में एक प्रभावी कड़ी के रूप में काम करते हुए ANTF ने जालौर पुलिस और एनसीबी जोधपुर के साथ मिलकर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
खेतों के बीच चल रही थी 'मौत की फैक्ट्री' पुलिस टीमों ने सांचौर के करड़ा थाना अंतर्गत खारा ग्राम पंचायत के कलबियों का गोलिया में दबिश दी। यहाँ आसुराम बिश्नोई के घर पर गुपचुप तरीके से संचालित हो रही एक गुप्त प्रयोगशाला (अवैध मेफेड्रोन निर्माण इकाई) का भंडाफोड़ किया गया। मौके से 4 किलो 910 ग्राम अवैध MD बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
महानिरीक्षक विकास कुमार का कड़ा एक्शन इस पूरे ऑपरेशन को विकास कुमार के गतिशील नेतृत्व में पिछले एक महीने की सटीक रेकी के बाद अंजाम दिया गया। महानिरीक्षक ने बताया कि यह टीम की अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है कि सिंथेटिक नशे की यह बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई। यदि यह माल बाजार में पहुंचता तो हजारों युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर सकता था। पकड़ी गई खेप से 10 गुना ज्यादा माल अगले कुछ दिनों में तैयार होने वाला था, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
बरामदगी और उपकरण: पुलिस ने मौके से न केवल ड्रग्स, बल्कि उसे बनाने के भारी-भरकम उपकरण और रसायन भी बरामद किए हैं:
- रसायन: 4 ड्रम अज्ञात केमिकल, बोरोसिल के कांच के बड़े जार।
- उपकरण: चुंबकीय स्टरर (हॉट प्लेट सहित), वजन मशीन, थर्मामीटर और रबर पाइप।
- वाहन: तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो-N गाड़ी को भी सीज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- आसुराम बिश्नोई (40): निवासी कलबियों का गोलिया (मुख्य आरोपी)।
- हनुमानराम बिश्नोई (50): निवासी कलबियों का गोलिया।
- पुखराज बिश्नोई (27): निवासी बलवानी नाडी, खारा।
मिलेगा सम्मान और अपील: महानिरीक्षक विकास कुमार ने इस ऐतिहासिक कार्रवाई में शामिल समस्त टीमों को एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबारियों की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम (0141-2502877) या व्हाट्सएप नंबर (9001999070) पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्ट: सर्किल न्यूज़ नेटवर्क, सांचौर







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां