भक्त ने भेंट की लग्जरी सफारी, करोड़ों का चढ़ावा; राजस्थान और गुजरात के पांच जिलों से पहुंच रहे हैं भक्त
सांचौर (जालौर)। मारवाड़ की पावन धरा पर स्थित प्राचीन और सिद्ध रतोड़ा मठ इन दिनों आस्था के चरम पर है। यहां अनंदगिरीजी माताजी प्राण-प्रतिष्ठा महामहोत्सव और ब्रह्मलीन शंभूगिरीजी महाराज के भंडारा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 6 मई से शुरू हुए इस पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धा की ऐसी बयार बही है कि चारों ओर 'जय माताजी' के जयकारे गूँज रहे हैं। 10 मई को इस महामहोत्सव की पूर्णाहुति होगी, जिसमें लाखों लोगों के जुटने की संभावना है।
मठ की महिमा और संतों के प्रति अटूट आस्था का नजारा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आयोजन के शुरुआती दिनों में ही करोड़ों रुपयों का चढ़ावा आ चुका है। एक श्रद्धालु ने तो भक्ति भाव में आकर नई सफारी कार माताजी के चरणों में भेंट की है। इस प्राचीन मठ के प्रति लोगों का गहरा जुड़ाव देखते ही बनता है, जहां व्यवस्थाओं को संभालने के लिए स्वयंसेवक दिन-रात जुटे हुए हैं।
महोत्सव की कमान महंत हंसगिरीजी महाराज मठाधीश रतोड़ा मठ संभाल रहे हैं। उनकी देखरेख में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में केवल जालौर ही नहीं, बल्कि सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली और पड़ोसी राज्य गुजरात के बनासकांठा से लाखों की तादाद में भक्त और प्रख्यात संत शिरकत कर रहे हैं। श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
राजनीतिक और सामाजिक जगत की बड़ी हस्तियां भी यहां धोक लगाने पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में कल राज्य मंत्री के.के. बिश्नोई ने रतोड़ा मठ पहुंचकर दर्शन किए और महंत हंसगिरीजी महाराज से आशीर्वाद लिया।
भजन संध्याओं में गमन सांथल जैसे ख्यातनाम कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध रहे हैं। 10 मई को होने वाली पूर्णाहुति के लिए प्रशासन और आयोजकों ने व्यापक इंतजाम किए हैं।






पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां