जसवंतपुरा / जालोर
जसवंतपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध पंसेरी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पहाड़ के भीतर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के ऊपरी हिस्से में बने पहाड़ी तालाब में डूबने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद से ही राजपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है और पूरे आदिवासी भील परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दोपहर में हुआ हादसा, पानी में उतरा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अर्जुन कुमार (22 वर्ष) पुत्र तलकाजी भील निवासी राजपुरा के रूप में हुई है। यह दुर्घटना सोमवार दोपहर के समय घटी। नीलकंठ महादेव मंदिर के ऊपर बने कुंडनुमा पहाड़ी तालाब में किसी कारणवश अर्जुन गहरे पानी में जा गिरा, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की एकजुटता और गोताखोर का साहसिक प्रयास
समाजसेवी नेपाल सिंह कागमाला ने बताया की घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उचमत से कुशल तैराक मोड़ सिंह राजपूत को सहायता के लिए बुलाया गया।
मोड़ सिंह राजपूत ने अपनी जान जोखिम में डालकर तालाब के गहरे पानी में छलांग लगाई और अथक प्रयासों के बाद अर्जुन के शव को बाहर निकाला। तब तक शाम ढल चुकी थी और चारों तरफ अंधेरा गहराने लगा था। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में शव को जसवंतपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है, जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल और पुलिस प्रशासन रहे मौजूद
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान प्रशासनिक सतर्कता और जनसहयोग दोनों देखने को मिले। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली तथा ढांढस बंधाया। इसके अलावा महिपाल सिंह सहित स्थानीय पुलिस थाना जाब्ता भी मौके पर मुस्तैद रहा और पूरी कार्रवाई के दौरान व्यवस्था संभाली।
अत्यंत गरीब परिवार पर टूटा कहर
मृतक अर्जुन कुमार एक अत्यंत गरीब आदिवासी भील परिवार से ताल्लुक रखता था। घर के युवा बेटे की इस तरह अचानक हुई अकाल मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। कमाने वाले और परिवार के सहारे की इस तरह अचानक हुई विदाई से राजपुरा गांव में शोक की लहर छा गई है और हर आंख नम है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां