रानीवाड़ा (जालोर)।
रानीवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की नवसृजित ग्राम पंचायत रतनपुर में आज एक नए विकास युग की शुरुआत हुई है। नवनिर्वाचित सरपंच लक्ष्मण सिंह देवड़ा ने आज पूरे विधि-विधान, ढोल-नगाड़ों और ग्रामीणों के भारी उत्साह के बीच विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही सरपंच देवड़ा ने स्पष्ट कर दिया कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि रतनपुर की छत्तीस कौम और सर्वसमाज की जीत है। उन्होंने पत्रकारों से रूबरू होते हुए गांव के कायाकल्प का पूरा रोडमैप पेश किया और कई ऐसे बड़े ऐलान किए, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
छत्तीस कौम का जताया आभार, 100% खरा उतरने का वादा
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बात करते हुए सरपंच लक्ष्मण सिंह देवड़ा ने कहा कि गांव के लोगों ने उन पर जो भरोसा जताया है और उम्मीद से बढ़कर आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वे जीवन भर ऋणी रहेंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि अपने पूरे कार्यकाल में वे जनता की अपेक्षाओं पर सौ प्रतिशत खरा उतरेंगे। देवड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंचायत में केवल जनहित के कार्य होंगे और ऐसा कोई भी कदम नहीं उठाया जाएगा जिससे किसी भी ग्रामीण का अहित हो।
पेयजल संकट पर सीधा प्रहार: 10 दिन में पहुंचेगा घर-घर पानी
रानीवाड़ा उपखंड में चल रही पेयजल समस्या को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सरपंच देवड़ा ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन (JJM) के तहत पाइपलाइनें तो बिछी हुई हैं, लेकिन वे अभी तक अधूरी और निष्क्रिय पड़ी हैं। अपने चुनावी वादे को दोहराते हुए उन्होंने कहा, "मैंने कार्यभार ग्रहण करने के 11वें दिन गांव और गोलिया क्षेत्र में पानी पहुंचाने का वादा किया था। मैं आज भी अपने वचन पर कायम हूं और आज से ठीक 10 दिन के भीतर इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।" इसके साथ ही उन्होंने आगामी एक से डेढ़ साल के भीतर रतनपुर में 3 से 4 लाख लीटर क्षमता की एक विशाल पानी की टंकी बनवाने और उसे नर्मदा प्रोजेक्ट के कनेक्शन से जोड़कर प्रत्येक ढाणी व परिवार तक मीठा पानी पहुंचाने की कार्ययोजना भी साझा की।
रेलवे स्टेशन से जुड़ेगा मुख्य मार्ग, ढाणियों में बिछेगा सीसी रोड का जाल
सड़कों की बदहाली पर चिंता जताते हुए देवड़ा ने कहा कि रतनपुर सौभाग्यशाली है कि यह रेलवे स्टेशन से जुड़ा हुआ कस्बा है। इसलिए उनकी पहली प्राथमिकता रेलवे स्टेशन से लेकर रानीवाड़ा मुख्य सड़क को जोड़ने वाले मार्ग का नवीनीकरण करना होगा। इसके अलावा, पंचायत की प्रत्येक ढाणी तक जाने वाले कच्चे और जर्जर रास्तों को पक्की सीसी (CC) सड़कों में तब्दील किया जाएगा, ताकि बारिश या अन्य मौसम में किसी भी नागरिक को आवागमन में असुविधा न हो।

गांव में ही बनेगी हाई-टेक लाइब्रेरी, NEET-JEE और RAS की होगी तैयारी
सरपंच लक्ष्मण सिंह देवड़ा की सबसे अनूठी और दूरदर्शी योजना गांव के युवाओं की शिक्षा को लेकर है। उन्होंने कहा कि आज डिजिटल शिक्षा का दौर है और गांव के होनहार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों में जाकर लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इस समस्या को खत्म करने के लिए रतनपुर पंचायत में एक आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। इतना ही नहीं, प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के साथ टाई-अप कर गांव में ही डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय छात्र-छात्राएं अपने घर में रहकर ही NEET, JEE, RAS और राजस्थान स्तर की अन्य बड़ी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, बुजुर्ग और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने फूल-मालाओं और साफा पहनाकर अपने नए मुखिया का जोरदार स्वागत किया।








पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां