रानीवाड़ा (जालोर)। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे मिशन मदमर्दन के तहत ऑपरेशन संपोलिया में रानीवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार शाम को 44.48 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक (मॉर्फीन) बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान चारण और वृताधिकारी भवानीसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी दीपसिंह चौहान के नेतृत्व में की गई।
टीम ने रानीवाड़ा से रानीवाड़ा खुर्द के बीच रास्ते में संदिग्ध बाइक (RJ-46 X 1214) पर दो युवकों को रोका। तलाशी के दौरान एक युवक अशोक कुमार के पास से पारदर्शी पॉलिथीन में 44.48 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में माल की खरीद-फरोख्त की बात सामने आई। बरामद इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी इसी कारोबार में उपयोग होना पाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- दशरथ कुमार पुत्र रगाराम (उम्र 24 वर्ष)
- अशोक कुमार पुत्र मागाराम (उम्र 26 वर्ष)
(दोनों निवासी मैत्रीवाड़ा, थाना रानीवाड़ा, जिला जालोर)
दोनों के खिलाफ मुकदमा संख्या 132/2025, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों का भी खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस टीम में शामिल थे: थानाधिकारी दीपसिंह चौहान, कांस्टेबल पूनमाराम (432), रामनिवास (287), कालूराम (87), ओमप्रकाश (183) और जगदीशकुमार (373)।
प्रकरण की गहन जांच जसवंतपुरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गुमानसिंह भाटी द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति का प्रमाण है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां