क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के लिए सरकार प्रतिबद्ध: ओटाराम देवासी, धार्मिक व शैक्षणिक विकास के लिए भी लाखों की राशि स्वीकृत
सर्कल न्यूज नेटवर्क सिरोही। शहर की मोना कॉलोनी में वर्षों से लंबित मुख्य सड़क निर्माण की मांग पूरी होने पर स्थानीय बाशिंदों में खुशी की लहर दौड़ गई। सड़क बनने से राहत महसूस कर रहे कॉलोनीवासियों ने एक सादे एवं भव्य समारोह में राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी का फूल-मालाओं और साफा पहनाकर गर्मजोशी से नागरिक अभिनंदन किया।
जनप्रतिनिधियों का भी जताया आभार इस दौरान कॉलोनीवासियों ने प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद लुंबाराम चौधरी और जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित का भी माल्यार्पण कर आभार प्रकट किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क न होने से वर्षों से आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, जिसका अब स्थायी समाधान हो गया है।
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही प्राथमिकता: देवासी समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि सिरोही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और आमजन को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। सड़क निर्माण से लोगों का आवागमन सुगम होगा और वे भविष्य में भी जनसमस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
विकास कार्यों की झड़ी, नगर मंडल ने जताया आभार कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री देवासी द्वारा शहर के अन्य विकास कार्यों के लिए स्वीकृत करवाई गई राशियों पर भाजपा नगर मंडल ने उनका विशेष आभार जताया:
- प्राचीन पीश्वनिया महादेव मंदिर परिसर में नवीन भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की स्वीकृति।
- पुराना भवन स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए टिन शेड निर्माण हेतु 8 लाख रुपये की मंजूरी।
- हाउसिंग बोर्ड स्थित माध्यमिक विद्यालय में बालिकाओं के लिए आधुनिक शौचालय निर्माण हेतु 3.72 लाख रुपये की राशि स्वीकृत।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित, नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल, जिला कार्यालय मंत्री बाबू सिंह माकरोड़ा, मोर्चा जिलाध्यक्ष गोपाल माली, महामंत्री प्रकाश पटेल, राजेंद्र सिंह चौहान, ललित प्रजापत, लुंबाराम राणा, रामलाल मेघवाल, बाबूलाल सगरवंशी, महेंद्र माली, गोविंद सैनी, गोविंद माली सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व कॉलोनी के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां