(रानीवाड़ा, जालोर)
जालोर जिले के रानीवाड़ा हल्के में एक गुमशुदा महिला की हत्या का सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के सिर्फ 48 घंटे के भीतर ही आरोपी प्रेमी को दबोच लिया है। आरोपी ने महिला का अपहरण कर बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को आग लगाकर जला दिया था।
48 घंटे में राजफाश: प्रेमी ने कबूला जुर्म
जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह इन्दोलिया ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सांचोर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रत्नू और रानीवाड़ा पुलिस उप अधीक्षक भवानीसिंह के सुपरविजन में रानीवाड़ा थानाधिकारी दीपसिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया।
पुलिस टीम ने कल, दिनांक 20.10.2025 को संदिग्ध आरोपी लसाराम पुत्र समेलाराम (47) निवासी मेड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो आरोपी ने गुमशुदा महिला की हत्या करना कबूल कर लिया।

सूखे नाले के पाईप में मिला अधजला शव
आरोपी लसाराम की निशादेही पर घटनास्थल चरपटिया से बिलड़ जाने वाली डामर सड़क के पास सरहद चरपटिया में सड़क के नीचे स्थित एक बरसाती सूखे नाले के सिमेण्ट के पाईप के अन्दर से महिला का अधजला शव बरामद किया गया।
आवड़दान रत्नू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचोर और भवानीसिंह आरपीएस पुलिस उप अधीक्षक वृत रानीवाडा तुरंत मौके पर पहुंचे और एफ.एस.एल. तथा एम.ओ.बी. टीमों को बुलाकर गहनता से निरीक्षण करवाया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किये।
ऐसे सामने आया मामला
प्रार्थी ताराराम पुत्र मसराराम निवासी दुधवट ने दिनांक 19.10.2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी गोमतीदेवी और पुत्र यशपाल, दिनांक 18.10.2025 को लसाराम पुत्र समेलाजी की गाड़ी में सवार होकर रानीवाड़ा हॉस्पिटल दवाई लेने गए थे। लसाराम ने यशपाल को पंचायत समिति के सामने एक होटल पर बिठा दिया और गोमतीदेवी को कहीं और ले गया। बाद में यशपाल को दूधवट बस स्टैंड पर छोड़कर चला गया, जिसके बाद गोमतीदेवी का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने एम.पी.आर. दर्ज कर तलाश शुरू की।
अनबन बनी हत्या की वजह
आरोपी लसाराम से हुई पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला गोमतीदेवी और उसके बीच पिछले करीब 5 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हाल ही में किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन हो गई। इसी अनबन के चलते लसाराम ने महिला का अपहरण कर उसे सरहद चरपटिया के सूने स्थान पर ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। अपराध को छिपाने के उद्देश्य से उसने शव को आग लगाकर जलाने की खौफनाक कोशिश की।
आरोपी लसाराम के विरुद्ध रानीवाड़ा पुलिस थाना में मुकदमा नंबर 230, दिनांक 21.10.2025 को पंजिबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में गहनता से अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम की तत्परता और मालवाड़ा चौकी का विशेष योगदान
हत्या के इस जघन्य मामले का दो दिन के भीतर पर्दाफाश करने में रानीवाड़ा पुलिस टीम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
गिरफ्तारशुदा आरोपी:
- लसाराम पुत्र समेलाराम जाति मेघवाल उम्र 47 वर्ष निवासी मेड़ा पुलिस थाना रानीवाड़ा जिला जालोर।
कार्यवाही करने वाली रानीवाड़ा पुलिस टीम:
- दीपसिंह निरीक्षक पुलिस (थानाधिकारी), पबाराम सहायक उप निरीक्षक, पारसाराम सहायक उप निरीक्षक, प्रेमसिंह हैड कानि., पदमसिंह हैड कानि., पूनमाराम हैड कानि., रामनिवास कानि., श्रवणकुमार कानि., जोगाराम कानि., पूनमाराम कानि., मोहनलाल कानि., लाखाराम कानि., राकेशकुमार कानि., जगदीश कानि., बुधाराम कानि. चालक सहित विशेष योगदान: इस पूरे प्रकरण का पर्दाफाश करने में पुलिस चौकी मालवाड़ा के हैड कांस्टेबल प्रेमसिंह का विशेष योगदान रहा। उनकी त्वरित कार्रवाई और सूचना संकलन की क्षमता सराहनीय रही, जिससे पुलिस को आरोपी तक जल्द पहुंचने में मदद मिली।



