पाल गांव के सरकारी स्कूल में चोरी की कोशिश से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, दो साल पहले भी साफ हो चुका है कंप्यूटर रूम
रानीवाड़ा। (टीकम पाल) क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, पाल में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए चोरी का प्रयास किया। चोरों ने स्कूल के मुख्य कार्यालय (ऑफिस) का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर जमकर उत्पात मचाया। सुबह जब स्कूल खुला तो नजारा देखकर स्टाफ के होश उड़ गए।

प्रधानाध्यापक भागीरथ राम ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे जब विद्यालय खोला गया, तो ऑफिस का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे के भीतर अलमारियां खुली थीं, फाइलें और अन्य जरूरी सामान फर्श पर अस्त-व्यस्त पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों के निशाने पर कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज या कीमती सरकारी संपत्ति थी, जिसे वे ढूंढ रहे थे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, साक्ष्य जुटाए
घटना की सूचना मिलते ही रानीवाड़ा पुलिस थाने से एएसआई अर्जुन राम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। एएसआई अर्जुन राम ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। प्रधानाध्यापक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दो साल पहले उड़ा ले गए थे लैपटॉप, अब तक नहीं खुला राज
जैसे ही स्कूल में चोरी की कोशिश की खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में जमा हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताते हुए कहा कि यह इस स्कूल में पहली वारदात नहीं है। ठीक दो वर्ष पूर्व भी इसी विद्यालय को चोरों ने निशाना बनाया था। उस समय चोर स्कूल से लैपटॉप और अन्य कीमती सामान बटोर ले गए थे, जिसका पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई है।
ग्रामीणों की मांग: "सरकारी स्कूल में बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ी करती हैं। पुलिस क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाए और प्रशासन स्कूल में स्थायी रात्रि चौकीदार की व्यवस्था करे, ताकि हमारे बच्चे और स्कूल का रिकॉर्ड सुरक्षित रह सके।"







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां