मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आह्वान पर 'मनरेगा बचाओ संग्राम' शुरू; डडुसन और किलवा सहित कई गांवों में जनसंपर्क
सर्किल न्यूज़ नेटवर्क सांचौर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार सांचौर विधानसभा क्षेत्र में 'मनरेगा बचाओ संग्राम जन आंदोलन' का आगाज हो गया है। सोमवार को पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई के नेतृत्व और विधानसभा प्रभारी महेंद्र जाखड़ की अध्यक्षता में क्षेत्र के डडुसन, बारवला, किलवा और वासन चौहान गांवों में सघन जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया।

मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़: सुखराम बिश्नोई
जनसंपर्क के दौरान पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई ने केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि वर्ष 2005 में यूपीए सरकार द्वारा लागू किया गया मनरेगा अधिनियम ग्रामीण आजीविका की सुरक्षा की रीढ़ रहा है। यह योजना प्रतिवर्ष 5-6 करोड़ परिवारों को रोजगार देकर पलायन रोकती है। बिश्नोई ने बताया कि:
- मनरेगा से विशेष रूप से महिलाओं, दलितों और आदिवासियों को लाभ हुआ है।
- कुल कार्य दिवसों में महिलाओं की भागीदारी लगभग 60 प्रतिशत है।
- नए नियमों से काम की वैधानिक गारंटी समाप्त हो जाएगी और निर्णय प्रक्रिया का केंद्रीकरण केंद्र के हाथों में चला जाएगा।
- केंद्र का मजदूरी अंशदान 90 प्रतिशत से घटकर 60 प्रतिशत रह जाएगा, जिससे राज्यों और मजदूरों पर बोझ बढ़ेगा।
महात्मा गांधी का नाम हटाना ग्राम स्वराज पर हमला
विधानसभा प्रभारी महेंद्र जाखड़ ने कहा कि इस कार्यक्रम से महात्मा गांधी का नाम हटाया जाना श्रम की गरिमा और ग्राम स्वराज के मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ग्रामीण आजीविका पर गंभीर हमला कर रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने 'मनरेगा बचाओ संग्राम' शुरू किया है ताकि इस योजना को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराया जा सके।
ज्ञापन और आगामी कार्यक्रम
आंदोलन के तहत निर्धारित जिला, ब्लॉक और पंचायत मुख्यालयों पर विधेयक वापस लेने की मांग का ज्ञापन सौंपा जाएगा। सोमवार को हुए जनसंपर्क में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंगलवार (20 जनवरी) का कार्यक्रम: कल सुबह 11:00 बजे से कार्यकर्ताओं से संवाद का सिलसिला जारी रहेगा:
- आमली: सुबह 11:00 बजे
- पालड़ी सोलंकियान: दोपहर 12:00 बजे
- सिद्धेश्वर: दोपहर 1:00 बजे
- कमालपुरा: दोपहर 2:00 बजे
ये रहे मौजूद
आज के कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य राजुराम बांगड़वा, सेंधाराम मेघवाल (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष), भंवरलाल गोदारा, किशनलाल लोल, सुमेरसिंह राजपूत, प्रवीण बांगड़वा, गणपतसिंह आसु, मुलाराम मेघवाल, प्रतापसिंह राजपूत, शुरसिंह राजपूत और कल्याण मेघवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां