जालोर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में चरवाहों के साथ मारपीट कर बकरियां लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया। 5 मई 2025 को नाराब नाड़ी (गोल निम्बड़ी), धवला रोड के पास कुछ बदमाशों ने चरवाहों पर हमला कर उनकी बकरियां लूट लीं।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू की। थानाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसमें सहायक उप निरीक्षक रामूराम, हेड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल विजय कुमार, हनुमानराम, राकेश, सुरेश और तकनीकी सहायता अधिकारी किशनलाल शामिल थे।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 10 मई को चार आरोपियों—राजूराम पुत्र जोराराम (भील), जितेन्द्र सिंह पुत्र परबत सिंह (राजपूत), मुकेश कुमार पुत्र अशोक कुमार (हरिजन) और मदनलाल पुत्र जगाराम (हरिजन)—को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों को बापर्दा रखा गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और कानून व्यवस्था मजबूत होगी।
अब पुलिस लूटे गए पशुओं की बरामदगी पर काम कर रही है और जल्द ही इस मामले में और खुलासे की उम्मीद की जा रही है। जालोर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के लिए सख्त संदेश गया है!



