Circle News Network
बाड़मेर: जिले के शिव थाना इलाके में बुधवार रात हुए एक सड़क हादसे ने तूल पकड़ लिया है। पाबूनगर में एक निजी कंपनी की बोलेरो गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद गुरुवार को मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर मृतक के परिजन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए।
हादसे में युवक के दोनों पैर टूटे, इलाज के दौरान मौत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाबूनगर निवासी जबरसिंह (40) पुत्र कल सिंह बुधवार रात शिव से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान लखा गांव की तरफ से आ रही एक कंपनी की बोलेरो गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जबरसिंह के दोनों पैर टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है।
विधायक भाटी और भाजपा नेता धरने पर बैठे युवक की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण आर्थिक सहायता और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गुरुवार सुबह शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा भी मॉर्च्युरी पहुंचे। वे परिजनों और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए हैं।
शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि कंपनी की लापरवाही के चलते एक व्यक्ति की जान चली गई है। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर रहे हैं।



