सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
सिवाड़ा/पथमेड़ा। सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिवाड़ा में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता (2026-27) के तहत 17 वर्ष छात्रा वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पथमेड़ा की टीम ने अपनी धाक जमाई है। टीम ने उत्कृष्ट खेल, कड़े अनुशासन और शानदार तालमेल के दम पर उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं विद्यालय की होनहार खिलाड़ी पूजा चौधरी ने अपनी अद्भुत फुर्ती, आक्रामक रणनीति और बेहतरीन खेल कौशल के दम पर लगातार तीसरी बार 'बेस्ट रेडर' की प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया।

प्रतियोगिता के शुरुआती दौर से ही पथमेड़ा की टीम ने अपना दबदबा कायम रखा और एक के बाद एक विरोधी टीमों को मात देते हुए फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने कड़ा संघर्ष करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में पूजा चौधरी ने हर मैच में अपनी टीम के लिए सर्वाधिक अंक जुटाए और सर्वश्रेष्ठ रेडर का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं टीम कोच भूराराम चौधरी का कुशल मार्गदर्शन और कठोर प्रशिक्षण मुख्य आधार रहा। इसके साथ ही टीम प्रभारी द्रौपदी का विशेष सहयोग, देखरेख व सम्बल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षक रावताराम चौधरी, पुखराज बिश्नोई एवं सुनील बिश्नोई का भी निरंतर सहयोग टीम को मिला।
पथमेड़ा की छात्रा कबड्डी टीम के उपविजेता बनने और पूजा चौधरी के लगातार तीसरी बार 'बेस्ट रेडर' बनने पर विद्यालय परिवार, पथमेड़ा गांव और समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शैक्षणिक स्टाफ, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पूरी टीम, कोच भूराराम चौधरी और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। (ग्राउंड रिपोर्ट: महेन्द्र दाता)












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां