NH-48 पर वडोदरा PCB की छापेमारी, 34 लाख की अवैध शराब जब्त; शातिर तस्कर पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
वडोदरा/रानीवाड़ा। गुजरात के वडोदरा में पीसीबी (Prevention of Crime Branch) की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नेशनल हाईवे 48 पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक आयशर कंटेनर से करीब 33.74 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने जालौर जिले के रानीवाड़ा तहसील स्थित करवाड़ा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस भी रह गई दंग: गजब की इंजीनियरिंग से बनाया 'चोरखाना'
वडोदरा पीसीबी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अहमदाबाद-मुंबई नेशनल हाईवे पर होटल कंफर्ट इन और नायरा पेट्रोल पंप के बीच ट्रक पार्किंग में खड़े एक कंटेनर में शराब की बड़ी खेप है। जब टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, तो पहले कंटेनर खाली नजर आया। लेकिन बारीकी से जांच करने पर पुलिस अधिकारी और जवान तब हैरान रह गए, जब कंटेनर के भीतर एक विशेष रूप से निर्मित 'चोरखाना' (गुप्त केबिन) मिला। इस तहखाने को बड़ी चालाकी से शराब छिपाने के लिए बनाया गया था।
करीब 49 लाख का माल बरामद
पुलिस ने गुप्त केबिन से भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) और बीयर की कुल 3564 बोतलें बरामद की हैं। जब्त की गई शराब की कीमत 33,74,880 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने 15 लाख का कंटेनर और मोबाइल सहित कुल 48,79,880 रुपये का मुद्दामाल कब्जे में लिया है।
रानीवाड़ा का आरोपी है आदतन अपराधी
पुलिस ने मौके से चालक रमेशकुमार उर्फ कालूराम गिरधारीराम खींचड़ निवासी- आदुराम जानी की स्कूल के पास, करवाड़ा, तहसील रानीवाड़ा, जिला जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी रमेशकुमार शातिर तस्कर है और उस पर पहले भी शराब तस्करी के दो गंभीर मामले दर्ज हैं:
- वासद पुलिस स्टेशन (आनंद जिला)
- असलाली पुलिस स्टेशन (अहमदाबाद)
"फौजी" ठेकेदार वांटेड घोषित, तलाश शुरू
वडोदरा पीसीबी के आला अधिकारियों (PCB Team) के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ हरणी पुलिस स्टेशन में प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि शराब की यह खेप 'फौजी' नाम के एक व्यक्ति ने भरवाई थी, जिसे अब पुलिस ने वांटेड घोषित कर दिया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और 'फौजी' की तलाश में जुटी है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां