जालोर। जिले में आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन में सख्त कार्यवाही अमल में लाई गई है। जालोर पुलिस ने कोतवाली थाने के हिस्ट्रीशीटर और बजरी माफिया इब्राहिम खां द्वारा अवैध रूप से कमाई गई करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वर भाटी की टीम ने हिस्ट्रीशीटर इब्राहिम खां को चिन्हित किया। जांच में पाया गया कि आरोपी ने अवैध बजरी खनन के जरिए करीब 1 करोड़ रुपये के वाहन और 3.5 करोड़ रुपये की जमीन अपने और अपने परिजनों के नाम पर अर्जित की है।
पुलिस द्वारा पेश किए गए इस्तगासे पर माननीय न्यायालय ने धारा 107(5) बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के तहत हिस्ट्रीशीटर की इन संपत्तियों को जब्त और कुर्क करने हेतु नोटिस जारी कर दिया है।
करोड़ों की बेनामी संपत्ति का ब्यौरा
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि हिस्ट्रीशीटर इब्राहिम खां ने अवैध कमाई को खपाने के लिए अपने रिश्तेदारों का सहारा लिया था। जब्त होने वाली संपत्तियों की सूची इस प्रकार है:
- हिस्ट्रीशीटर के स्वयं के नाम: 2 डंपर, 1 जेसीबी, 3 ट्रैक्टर मय ट्रॉली, 2 मोटरसाइकिल, 1 बोलेरो कैंपर और 2.375 हेक्टेयर जमीन।
- पिता रहमत खान के नाम: 2.04 हेक्टेयर जमीन।
- माता कमला बानू के नाम: 0.826 हेक्टेयर जमीन।
- भाई अनवर खां के नाम: 0.21 हेक्टेयर जमीन।
जालोर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले के अपराधियों और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध से बनाई गई किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां