जालोर: जालोर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राजस्थान के 11 जिलों में मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चुराने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में लगभग एक करोड़ रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है। गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे चोरी में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कारें भी जब्त की गई हैं।
यह ऑपरेशन महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज, राजेश मीणा के निर्देश और जिला पुलिस अधीक्षक, जालोर, शैलेंद्रसिंह इंदोलिया के मार्गदर्शन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और भीनमाल वृत्ताधिकारी अन्नराजसिंह के सुपरविजन में रामसीन थानाधिकारी, उप निरीक्षक तेजूसिह के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने इस गिरोह का पर्दाफाड़ किया।

ऐसे देते थे वारदातों को अंजाम यह गिरोह पेशेवर चोरों का था, जिन्होंने पहले मोबाइल टावर कंपनियों में काम किया था। उन्हें अच्छी तरह पता था कि टावर पर लगे उपकरण (जैसे आरआरयू मशीन, बीटीएस, आरटीएन) कितने महंगे होते हैं और उन्हें कैसे निकाला जाता है। वे जीपीएस के जरिए टावर की लोकेशन ट्रेस करते थे। इसके बाद, अपनी कारों से मौके पर पहुंचते थे और कंपनी के आई-कार्ड का इस्तेमाल कर किसी को शक होने नहीं देते थे। सिर्फ 50 मीटर की ऊंचाई पर चढ़कर कुछ ही मिनटों में ये उपकरण चुरा लेते थे। उनका मकसद था कि कंपनी के कर्मचारियों को मैसेज से सूचना मिलने से पहले ही वहां से रफूचक्कर हो जाएं। बीते एक साल में उन्होंने राजस्थान के कई जिलों में करीब 100 वारदातों को अंजाम दिया और करोड़ों का नुकसान पहुंचाया।

इन जिलों में सक्रिय था गैंग इस गैंग ने जालोर, सिरोही, पाली, बाड़मेर, बालोतरा, जोधपुर ग्रामीण, जोधपुर कमिश्नरेट, नागौर, उदयपुर और अजमेर जैसे जिलों में चोरियां की। इनमें अकेले जालोर के 10 पुलिस थानों में 34 चोरियां दर्ज थीं।
करोड़ों का सामान बरामद गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पाली में एक कबाड़ी की दुकान से 19 आरआरयू मशीन, 8 बीटीएस, 7 आरटीएन, 10 मग्स कार्ड और 150 किलोग्राम से अधिक वजन के तार समेत कुल एक करोड़ रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल हुई दो स्विफ्ट कारें (RJ 19 CF 9349 और RJ 19 CL 6164) भी जब्त की हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- राकेश पंवार, 26 वर्ष, निवासी खवासपुर, जोधपुर ग्रामीण
- चिमनाराम, 22 वर्ष, निवासी खवासपुर, जोधपुर ग्रामीण
- महिपाल, 26 वर्ष, निवासी कैसाणा, जोधपुर ग्रामीण
- सुरेश, 25 वर्ष, निवासी कैसाणा, जोधपुर ग्रामीण
- भीमाराम, 70 वर्ष, निवासी पाली (कबाड़ी)
इनमें से आरोपी सुरेश का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। रामसीन पुलिस की टीम अब फरार चल रहे अन्य आरोपियों और चोरी के बाकी सामान की तलाश में जुटी हुई है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां