मुख्य और दोषियों को देवल की चेतावनी, कलेक्ट्रेट पर चल रही भूख हड़ताल में शामिल होकर जताया रोष
जालोर।
मांडोली के बहुचर्चित गणपत सिंह हत्याकांड में न्याय की मांग अब और तेज हो गई है। भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल आज जालोर पहुंचे और जिला कलेक्ट्रेट के समक्ष चल रही भूख हड़ताल और धरने में शामिल हुए। देवल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और विश्वास दिलाया कि न्याय मिलने तक वे इस संघर्ष में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

उच्चाधिकारियों से की सीधी वार्ता
मामले में पुलिसिया कार्रवाई की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए पूर्व विधायक देवल ने मौके से ही राजस्थान के डीजी (DG) और आईजी (IG) से दूरभाष पर कड़ी वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि इस जघन्य हत्याकांड का शीघ्र खुलासा किया जाए और पर्दे के पीछे छिपे असली गुनाहगारों को सलाखें के पीछे भेजा जाए। देवल ने पुलिस प्रशासन को त्वरित और निष्पक्ष जांच के लिए आग्रह किया है।
देवल ने कहा कि एक बेगुनाह की हत्या के बाद परिवार का अनशन पर बैठना प्रशासन के लिए गंभीर विषय है। यदि समय रहते दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा।



