जसवंतपुरा उपखंड अधिकारी ने किसानों से की अपील, पटवारी से संपर्क कर बनवाएं आईडी; शेष कृषि भूमियां भी तुरंत जुड़वाएं
सर्कल न्यूज नेटवर्क जसवंतपुरा (जालौर)। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पाने के लिए किसानों के पास ‘फार्मर आईडी’ (Farmer ID) होना अब अनिवार्य होगा। जसवंतपुरा उपखंड अधिकारी (आरएएस) ओमप्रकाश ने आम अपील जारी करते हुए तहसील क्षेत्र के सभी किसानों से अविलंब अपनी फार्मर आईडी बनवाने का आह्वान किया है।
योजनाओं के लाभ और जमीन से जुड़े कार्यों के लिए जरूरी एसडीएम ओमप्रकाश ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की यह एक अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। भविष्य में पीएम किसान सम्मान निधि, सीएम किसान सम्मान निधि, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल खरीद, फसल बीमा क्लेम, कृषि आदान अनुदान तथा कृषि विभाग की सब्सिडी आधारित योजनाओं का लाभ उठाने के लिए फार्मर आईडी जरूरी होगी। इसके अलावा खाद-बीज प्राप्त करने, कृषक श्रेणी निर्धारण, फसली ऋण लेने, जमीन के क्रय-विक्रय, दान, वसीयत तथा नामांतरण खुलवाने जैसे सभी राजस्व व कृषि कार्यों में यह आईडी किसान की पहचान के रूप में अनिवार्य रूप से काम आएगी।
इन दस्तावेजों के साथ पटवारी से करें संपर्क उपखंड अधिकारी ने बताया कि जिन काश्तकारों ने अभी तक अपनी फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, वे संबंधित हल्का पटवारी अथवा भू-अभिलेख निरीक्षक (गिरदावर) से संपर्क करें। इसके लिए किसानों को अपना आधार कार्ड, नवीनतम जमाबंदी की नकल तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाना होगा।
छूटी हुई जमीन भी आईडी में जुड़वाने की सलाह एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जिन किसान भाइयों ने पूर्व में फार्मर आईडी बनवा ली है, लेकिन उनकी कुछ कृषि भूमियां उसमें दर्ज होने से छूट गई हैं, वे भी संबंधित पटवारी से मिलकर शेष बची जमीन को तुरंत अपनी आईडी में जुड़वा लें। उन्होंने किसानों से अपील की है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी या सरकारी योजनाओं से वंचित होने से बचने के लिए किसान समय रहते अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां