• खेत में बेटे के सामने पिता की निर्मम हत्या, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार • पुलिस का 48 घंटे में एक्शन: कत्ल में इस्तेमाल कुल्हाडी, लाठी और चुन्नी बरामद
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क रानीवाड़ा। बडगांव की सरहद पर उस रात सन्नाटा चीख में बदल गया जब खाना खा रहे एक बुजुर्ग पर मौत बनकर टूटे तीन दरिंदे। रानीवाड़ा पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन हत्यारों को सलाखों के पीछे धकेल दिया है।
रोटी के निवाले के साथ मिली मौत वारदात 15-16 दिसंबर की रात की है। बुजुर्ग बाबूराम अपने बेटे शंकराराम और बहू के साथ खेत के छपरे में इत्मीनान से खाना खा रहा था। तभी नशा सिर पर चढे आरोपी धनाराम, पारसाराम और गीता देवी वहां आ धमके। शराब के नशे में धुत इन तीनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू की और बुजुर्ग बाबूराम पर कुल्हाडी व लाठियों से ताबडतोड वार कर दिए। बेटे की आंखों के सामने पिता ने दम तोड दिया।
पुलिस का ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन हत्या की खबर मिलते ही थानाधिकारी छतरसिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने साफ निर्देश दिए—’कातिल किसी भी हाल में बचकर नहीं जाने चाहिए’। डीवाईएसपी भवानी सिंह इंदा की निगरानी में पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम की मदद से मौके से एक-एक सबूत उठाया।
तीनों आरोपी जेल की सलाखों के पीछे पुलिस ने त्वरित दबिश देकर सिलासन (करडा) निवासी आरोपी भाई धनाराम, पारसाराम और धनाराम की पत्नी गीता देवी को गिरफ्तार कर लिया। कडी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाडी, लाठी और वारदात के वक्त पहनी गई चुन्नी भी बरामद कर ली है। कोर्ट ने तीनों को जेल भेज दिया है।



