जींद के बदमाशों ने बिना शोर स्कॉर्पियो का कांच काटा; सीसीटीवी में कैद हुए चेहरे, 34 तोला सोना पार मगर अटैची के दूसरे कोने में सुरक्षित रह गई लाखों की ज्वैलरी
(क्राइम डेस्क) जालोर/पाली। एक तरफ दंपती ढाबे पर सुकून से चाय की चुस्कियां ले रहा था, और ठीक उसी वक्त हाईवे किनारे खड़ी उनकी स्कॉर्पियो पर एक 'सर्जिकल स्ट्राइक' हो रही थी। घड़ी की सुई ने महज 17 मिनट का फासला तय किया और शादी की खुशियों का सफर मातम में बदल गया। जालोर के एक परिवार के साथ हुई 40 लाख की चोरी के मामले में पुलिस की तफ्तीश में जो खुलासे हुए हैं, वे किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं हैं। यह कोई साधारण चोर नहीं, बल्कि हरियाणा की कुख्यात 'कटर गैंग' का काम है, जो पंजाब पुलिस के लिए भी सिरदर्द बनी हुई है।

शादी वाले घर से ही साये की तरह पीछे लगे थे बदमाश
खुलासा हुआ है कि जालोर के धामसीन निवासी विरेंद्र पाल सिंह, जो पाली के गुड़ा जैतसिंह में अपने ससुराल से शादी समारोह से लौट रहे थे, अकेले नहीं थे। हरियाणा के जींद निवासी बदमाश शादी वाले घर के आसपास से ही उनकी रेकी कर रहे थे। वे मौका ढूंढते हुए मीलों तक पीछे आए। जैसे ही सांडेराव के पास 'नमस्ते होटल' ढाबे पर दंपती रुका, बदमाशों को उनका 'गोल्डन चांस' मिल गया। पार्किंग फुल होने के कारण स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़ी थी, जो चोरों के लिए आसान शिकार बन गई।
17 मिनट का खेल और 'कटर' का कमाल
दोपहर 2:28 बजे विरेंद्र पाल ढाबे में गए और 2:45 पर लौटे। इन 17 मिनटों में बदमाशों ने बिना पत्थर मारे, बिना शोर किए, प्रोफेशनल ग्लास कटर से स्कॉर्पियो का कांच काटा। गाड़ी में रखी अटैची खोली और 34 तोला सोना व 9 तोला चांदी (कीमत करीब 40 लाख) साफ कर दिए।
- किस्मत का खेल: चोरों की जल्दबाजी में अटैची के अंदर रखे एक दूसरे थैले पर नज़र नहीं पड़ी, जिसमें करीब 15 तोला सोना सुरक्षित बच गया।
वारदात के बाद जश्न: शराब और डिनर
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को बदमाशों की लोकेशन मिली। वारदात को अंजाम देने के बाद वे बेखौफ होकर रेडावास टोल प्लाजा से गुजरे। रात को उन्होंने ढोला गांव के पास 'ढोलामारू होटल' में इत्मीनान से खाना खाया। इससे पहले उन्होंने पास की दुकान से शराब का एक क्वार्टर भी खरीदा था।

पुलिस रडार पर 'जींद कनेक्शन'
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में दिख रहे बदमाश हरियाणा के जींद जिले के हैं। आमतौर पर इस गैंग में तीन लोग होते हैं, लेकिन यहाँ दो ने वारदात की। ये शातिर अपराधी बीकानेर-जोधपुर या जयपुर-अजमेर रूट से यहाँ पहुंचे थे। जालोर और पाली पुलिस की टीमें अब सीसीटीवी ट्रेल के आधार पर इनकी घेराबंदी कर रही हैं, लेकिन फिलहाल वे पकड़ से दूर हैं।
Circle News Network की अपील: हाईवे पर सफर करते समय, विशेषकर शादी-समारोह से लौटते वक्त, अपनी गाड़ी सुनसान जगह पार्क न करें और कीमती सामान गाड़ी में छोड़कर न जाएं। 'कटर गैंग' सक्रिय है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां