पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई बोले— जनता त्रस्त, सरकार मस्त; पेट्रोल-डीजल, गैस, बिजली-पानी और किसानों के मुद्दों पर एडीएम कार्यालय का होगा घेराव
सांचौर, 31 मई। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी 1 जून 2026 को सांचौर में बड़ा विरोध-प्रदर्शन करेगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन भाग लेंगे। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखराम बिश्नोई ने बताया कि आम जनता लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जबकि युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बिश्नोई ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, पेयजल आपूर्ति में अनियमितता तथा किसानों के बकाया आदान-अनुदान का भुगतान नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित विद्युत कनेक्शनों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इसके अलावा नर्मदा नहर के क्लोजर के बावजूद समुचित साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य किए बिना पानी छोड़े जाने से किसानों और आमजन में चिंता का माहौल है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बुलंद करेगी।
पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के निराकरण तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन 1 जून 2026 को प्रातः 10 बजे अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय, सांचौर के समक्ष आयोजित होगा।



