जालोर जिले के भाद्राजून थाना क्षेत्र में एक घर में रात के समय अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा एवं वृताधिकारी जयराम मुंडेल के सुपरविजन में भाद्राजून थाना प्रभारी कमलकिशोर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह गिरफ्तारी की।
घटना 1 मई 2025 की रात प्रतापगढ़ गोलियां में हुई थी, जब रामाराम व उसकी माता धीरादेवी देवासी के घर में हथियारों से लैस होकर तीन लोग घुस आए और उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण संख्या 57 दिनांक 2 मई 2025 के तहत कार्रवाई शुरू की और 11 मई को आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रणछोड़ाराम पुत्र जीवाराम (25 वर्ष), भगाराम पुत्र पीराराम (30 वर्ष) और नागाराम पुत्र रूपाराम (25 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी जातियान देवासी समुदाय से हैं और प्रतापगढ़ गोलियां निवासी हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने न्यायालय से पीसी रिमांड लिया है, जिसके तहत आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में पुलिस टीम के दरियावखां, भगवानाराम और महेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।



