रानीवाड़ा (जालोर), 2 जून। पुलिस थाना रानीवाड़ा ने "ऑपरेशन धरकरभर" के तहत कार चोरी के एक मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई मारुति स्विफ्ट कार भी बरामद की है।
महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज, विकासकुमार और पुलिस अधीक्षक जालोर, ज्ञानचंद्र यादव के निर्देशों पर जिले में बढ़ रही चोरी व नकबजनी की रोकथाम के लिए यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर, आवड़ दान रतनू और वृताधिकारी वृत रानीवाड़ा, भवानी सिंह ईंदा के पर्यवेक्षण में निरीक्षक पुलिस दीपसिंह चौहान की अगुवाई में गठित टीम ने मुकदमा संख्या 104 दिनांक 10.05.2025, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत यह कार्रवाई की।
घटना की शुरुआत 10 मई 2025 को हुई, जब बड़गांव निवासी असगर अली ने अपनी मारुति स्विफ्ट कार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल सीडीआर और आसूचना के आधार पर अभियुक्त गोपीकिशन उर्फ गोपाराम (पुत्र बाबूलाल, जाति दर्जी, उम्र 38 वर्ष, निवासी भुरा की ढाणी, कारोला, पुलिस थाना सांचौर) और सुभाष उर्फ कालु (पुत्र लीलूराम, जाति मिराशी, उम्र 35 वर्ष, निवासी जोरावरपुरा, पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन, हाल धर्मकाटा कॉलोनी, सांचौर) को नामजद किया।
दोनों अभियुक्तों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उनके कब्जे से चोरी की गई कार बरामद की गई। गोपीकिशन के खिलाफ कई थानों में हत्या, हत्या का प्रयास और मारपीट के 13 प्रकरण दर्ज हैं, जबकि सुभाष के खिलाफ वाहन चोरी के 16 प्रकरण दर्ज हैं।
कार्यवाही में निरीक्षक पुलिस दीपसिंह चौहान, हेड कांस्टेबल प्रेमसिंह, कांस्टेबल भागीरथराम, जगदीश, पुराराम और लाखाराम शामिल रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां