अलसवेरे गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल पुनमाराम की पैनी नजरों ने पकड़ा संदिग्धों को, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चला विशेष अभियान
सर्किल न्यूज नेटवर्क रानीवाड़ा (जालोर)। नशा तस्करों के खिलाफ रानीवाड़ा पुलिस ने बुधवार तड़के एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गुजरात के दो शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 134 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एम.डी. (मैफैड्रोन) जब्त की है। इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में हेड कांस्टेबल पुनमाराम की सजगता, मुस्तैदी और उत्कृष्ट फील्ड इंटेलिजेंस की विशेष भूमिका रही है, जिन्होंने अपनी तीखी नजरों से संदिग्धों को पहचान कर दबोच लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्रसिंह इन्दोलिया के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर आवड़दान रत्नू एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त रानीवाड़ा भवानीसिंह इंदा के सुपरविजन में क्षेत्र में नशे के दुष्प्रभाव को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थानाधिकारी जीतसिंह उप निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार मुस्तैद थी।
मुस्तैदी: हेड कांस्टेबल पुनमाराम ने दिखाई जांबाजी 1 जुलाई 2026 को अलसवेरे गश्त के दौरान कस्बा रानीवाड़ा में हेड कांस्टेबल पुनमाराम (बेल्ट नंबर 432) मय जाब्ता तैनात थे। इसी दौरान उन्हें दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए। दोनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए पुनमाराम ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें रोका और थानाधिकारी जीतसिंह को सूचित किया। सूचना मिलते ही थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और नियमानुसार तलाशी शुरू की।
लाखों की एमडी ड्रग्स जब्त, आरोपी गिरफ्तार तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से 134 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एम.डी. बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान देवयश शिंदे (उम्र 26 वर्ष) पुत्र नागेश्वर शिंदे निवासी लक्ष्मीपुरा वडोदरा (गुजरात) तथा देव वसावा पुत्र दिलीप भाई जाति वसावा निवासी लक्ष्मीपुरा वडोदरा (गुजरात) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से अवैध ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है कि वे यह खेप कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे।
विशेष भूमिका और श्रेय: इस पूरी बड़ी कार्रवाई को अमलीजामा पहनाने और सफलता के मुकाम तक पहुंचाने का मुख्य श्रेय हेड कांस्टेबल पुनमाराम (432) और कांस्टेबल जोगाराम (246) की जांबाज टीम को जाता है, जिनकी सजगता से क्षेत्र में नशे का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी जीतसिंह, कांस्टेबल रामनिवास, सोहनलाल और जगदीशकुमार भी शामिल रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां