ढाई करोड़ का नशा जब्त, दो लग्जरी गाड़ियां और शातिर तस्कर गिरफ्तार; आईजी विकास कुमार के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की राज्यव्यापी कार्रवाई
जयपुर/जालौर। राजस्थान में नशे के काले कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक साथ प्रदेश के चार अलग-अलग जिलों में जोरदार धमाका किया है। अतिरिक्त महानिदेशक एम.एन. दिनेश के कुशल मार्गदर्शन और एटीएस एवं एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में टीमों ने कोटा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और जालोर-राजसमंद बेल्ट में तस्करों के दांत खट्टे कर दिए हैं। इस बड़ी कार्रवाई में करीब 1400 किलो डोडा पोस्त, 600 ग्राम अफीम, 132 ग्राम स्मैक और दो लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ियां जब्त की गई हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण और संगठनात्मक कार्यों के चलते आए अंतराल का फायदा उठाकर तस्करों ने फिर से पैर पसारने का दुस्साहस किया था, लेकिन पुनर्गठित ANTF ने एक बार फिर तस्करों की तबाही का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब नशे के विरुद्ध सामूहिक निर्णायक युद्ध शुरू हो चुका है।

पहली कार्रवाई: कोटा में ‘ताकत की दवाई’ के नाम पर छात्रों को परोस रहे थे जहर
कोटा के कोचिंग हब में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे दो तस्करों को ANTF ने दबोचा है।
- तरीका: तस्कर पार्कों में बैठकर स्मैक की पुड़िया छात्रों को ‘ताकत का पाउडर’ बताकर बेचते थे।
- जब्ती: 132.05 ग्राम अवैध स्मैक बरामद।
- अपराधी: आरोपी विकास (पूर्व में 2 मामले दर्ज) और भरत (पूर्व में 5 मामले दर्ज) को गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई: 100 किमी तक पीछा, टायर फटने पर भी भागते रहे तस्कर
बाड़मेर के कुख्यात तस्करों द्वारा मध्य प्रदेश से लाई जा रही नशे की बड़ी खेप को उदयपुर के पास पकड़ा गया।
- फिल्मी पीछा: निम्बाहेड़ा से उदयपुर के वल्लभनगर तक करीब 100 किमी तक पीछा चला। टायर फटने के बाद भी तस्कर पंचर गाड़ी दौड़ाते रहे।
- जब्ती: स्कॉर्पियो (RJ 09 SA 5255) से 486 किलो डोडा चूरा बरामद, कीमत करीब 73 लाख रुपये।

तीसरी कार्रवाई: दिवेर की पहाड़ियों में घेराबंदी, जाबांज टीम ने तस्करों को दबोचा
राजसमंद के दिवेर घाटी क्षेत्र में ANTF ने एक होटल वेटर को मुखबिर बनाकर जाल बिछाया।
- मुठभेड़: सफेद स्कॉर्पियो (RJ 01 WE 3347) में सवार तस्करों ने टीम पर हमला कर भागने की कोशिश की। टीम ने साहस दिखाते हुए गाड़ी के टायर फोड़ दिए और 8 किमी पीछा कर पकड़ लिया।
- जब्ती: 447 किलो डोडा चूरा बरामद, कीमत करीब 67 लाख रुपये। अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ तस्कर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

चौथी कार्रवाई: होटल के तहखाने में बना रखा था वेयरहाउस, थोक सप्लाई का भंडाफोड़
उदयपुर-राजसमंद रोड पर स्थित ‘आर्यन रेस्टोरेंट’ पर ANTF ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापा मारा।
- खुलासा: होटल के भीतर एक गुप्त तहखाना मिला, जहां से मारवाड़ और मेवाड़ में नशे की थोक सप्लाई होती थी। ट्रक ड्राइवरों को भी यहां से फुटकर माल बेचा जाता था।
- जब्ती: 415 किलो डोडा चूरा और 460 ग्राम अफीम (50 से ज्यादा डिब्बियों में पैक) बरामद। कुल कीमत 65 लाख रुपये।
- गिरफ्तारी: उदयलाल (नारायणपुरा, उदयपुर) और शंकरलाल (सील्लो का गुढ़ा, राजसमंद) को गिरफ्तार किया गया।
आईजी विकास कुमार की अपील और सम्मान
विकास कुमार ने इस सफलता में आम जनता से मिल रहे सहयोग को अभूतपूर्व बताया। उन्होंने घोषणा की है कि इस पूरी कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
आमजन के लिए संदेश: अगर आपको किसी अपराधी या नशे के कारोबार की जानकारी है, तो ANTF कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर सूचना दें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।



