आईजी विकास कुमार के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने टायर ब्रेकर लगाकर फिल्मी अंदाज में रोकी तस्करी की कार
बड़गांव/रानीवाड़ा।
मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आईजी विकास कुमार के कुशल निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ी सफलता हासिल की है। बड़गांव क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान एक सफेद क्रेटा कार से 2 क्विंटल 40 किलोग्राम से अधिक अवैध डोडा-पोस्त बरामद कर एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ANTF चौकी जालोर को सूचना मिली थी कि गुजरात की सरहद से रानीवाड़ा होते हुए सांचौर मार्ग पर एक लग्जरी कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इस इनपुट पर टीम ने बड़गांव सीमा पर तुरंत नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध सफेद क्रेटा आती दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन तस्करों ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और आधुनिक टायर ब्रेकर का इस्तेमाल किया, जिससे गाड़ी का टायर फट गया। इसके बावजूद आरोपी फटे टायर के साथ करीब दो किलोमीटर तक कार दौड़ाते रहे, लेकिन आखिरकार टीम ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। कार रुकते ही आरोपी पिंटू उर्फ रघुनाथ राम बिश्नोई निवासी नयवाडा ने भागने का प्रयास किया, जिसे मौके पर ही दबोच लिया गया, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा।
तलाशी लेने पर कार से 240.390 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। चौंकाने वाली बात यह है कि गाड़ी से गुजरात और महाराष्ट्र के अलग-अलग नंबरों वाली तीन फर्जी नंबर प्लेट्स भी मिली हैं, जो तस्करों के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करती हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और तस्करी के इस गिरोह की जड़ों तक पहुँचने की कवायद तेज कर दी गई है।



